वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की बुलंद हुई आवाज, कोटा में प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में मंत्रालय गठन की उठी मांग

पाली। वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण को लेकर राजस्थान स्तर पर आवाज बुलंद करते हुए वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक कोटा में आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान, उनकी सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग मंत्रालय के गठन की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
बैठक के दौरान पाली से जुड़े वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के सभाध्यक्ष देवराज शर्मा ने प्रदेश उपाध्यक्ष, लखपत राज सिंघवी ने अध्यक्ष तथा घनश्याम भटनागर ने प्रदेश परामर्शदाता पद की शपथ ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष भंवर सेठ एवं महामंत्री मदनलाल खटोड़ की मौजूदगी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में तीनों पदाधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों के हितों की रक्षा और संस्थान के उद्देश्यों के अनुरूप सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए वर्ष 1999 की राष्ट्रीय नीति तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007 के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इन प्रावधानों का अपेक्षित स्तर पर पालन नहीं होने से वरिष्ठ नागरिकों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में सरकार से वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक मंत्रालय गठित करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग भी की गई।

प्रदेश बैठक से लौटने पर पाली में संस्थान के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर भंवरलाल लखेरा, दिनेशचंद मेहता, ताराचंद गहलोत, डॉ. जी.एन. अरोड़ा, डॉ. मोतीलाल परमार, भगवानदास कल्याणी, चंद्रप्रकाश गौड़, गिरधारीराम जाट, ब्रह्मदत्त जोशी, चंपालाल संकलेचा, कमलकिशोर अग्रवाल, ओमप्रकाश शर्मा, घनश्याम शर्मा, जे.पी. शर्मा, जयन्ता व्यास, लीला चौहान, शशि त्रिवेदी सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
महासचिव कैलाशचंद्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश संगठन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के हित में लिए गए निर्णय समय की आवश्यकता हैं और उनका लाभ प्रदेशभर के वरिष्ठजनों को मिलेगा।
संस्थान के अध्यक्ष लखपत राज सिंघवी ने सभी सहयोगियों और संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संस्था भविष्य में भी सक्रिय रूप से कार्य करती रहेगी।



