शहरी सेवा शिविर बना राहत का केंद्र, पोते की खोई दिव्यांग पेंशन का पीपीओ शिविर में ही मिला, परिवार को मिली बड़ी राहत

पाली : राज्य सरकार की पहल पर आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन की वर्षों पुरानी और दैनिक समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। पाली जिले के खुडाला फालना में आयोजित शहरी सेवा शिविर में एक परिवार को बड़ी राहत मिली, जब खो चुके दिव्यांगजन पेंशन पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) का डुप्लीकेट दस्तावेज़ शिविर में ही जारी कर दिया गया।
खुडाला फालना निवासी जीवाराम पुत्र वरदाजी सैन ने अपने पोते दक्ष सैन का खोया हुआ दिव्यांगजन पेंशन पीपीओ दोबारा जारी कराने के लिए नगरपालिका द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर में आवेदन किया। आवेदन मिलते ही नगरपालिका की पेंशन शाखा ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।
प्रकरण की स्वीकृति उपखंड अधिकारी से प्राप्त होने के बाद डुप्लीकेट दिव्यांगजन पेंशन पीपीओ शिविर स्थल पर ही जीवाराम को सौंप दिया गया। त्वरित कार्रवाई से परिवार को राहत मिली और उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से भी मुक्ति मिली।
डुप्लीकेट पीपीओ प्राप्त करने के बाद जीवाराम ने खुशी जताते हुए कहा कि शहरी सेवा शिविर के कारण उनका काम बेहद कम समय में पूरा हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आम लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने में बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं।
शिविर के दौरान नगरपालिका प्रशासन ने शहरी सेवा शिविर-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आमजन को पेम्फलेट वितरित किए। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पेंशन सेवाओं और अन्य सरकारी सुविधाओं की जानकारी देकर लोगों को इनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशासन का उद्देश्य शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना तथा सरकारी सेवाओं को आमजन तक सरल और सुलभ तरीके से पहुंचाना है।



