‘नशे को ना, सपनों को हां’, पाली के स्कूलों में चला जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को पाली जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। “नशे को ना कहो, अपने सपनों को हां कहो” थीम पर आयोजित इस विशेष अभियान में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, कानूनी प्रावधानों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेंद्र कुमार ने सुल्तान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके भविष्य, परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि जिज्ञासा, गलत संगति, साथियों का दबाव, सोशल मीडिया का प्रभाव और मानसिक तनाव जैसी परिस्थितियां युवाओं को नशे की ओर धकेल सकती हैं। उन्होंने चेताया कि नशे का एक बार किया गया प्रयोग भी धीरे-धीरे लत का रूप ले सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों व परिवार के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने चीमा बाई सांचेती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एनडीपीएस अधिनियम, नशा मुक्ति परामर्श सेवाओं, कानूनी सहायता और उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से खेलकूद, योग, नियमित अध्ययन और रचनात्मक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन ही नशे से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
अभियान के तहत जिले के सभी न्यायिक अधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। साथ ही विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक विद्यालय में ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत पेटी स्थापित की गई।
इन शिकायत पेटियों के माध्यम से विद्यार्थी विद्यालय या अपने आसपास की किसी भी समस्या अथवा शिकायत को गोपनीय रूप से दर्ज करा सकेंगे, जिस पर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेंद्र कुमार और अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने सुल्तान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सुल्तान विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेन्द्र सुथार, चीमा बाई सांचेती विद्यालय की प्रधानाचार्या गीता गुप्ता, शिक्षकगण, अधिकार मित्र तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह अभियान विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन, कानूनी जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



