google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

‘आओ गांव चलें’ अभियान को मिला जनसहयोग, प्रवासी भामाशाह ने 9 सरकारी स्कूलों को दिए 100 स्टडी डेस्क

पाली : जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की पहल पर संचालित “आओ गांव चलें” अभियान लगातार जनसहयोग का नया उदाहरण बनता जा रहा है। प्रवासी पालीवासियों को अपनी मातृभूमि के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब शिक्षा क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सहयोग सामने आया है। अभियान से प्रेरित होकर प्रवासी भामाशाह एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा की ओर से जिले के 9 राजकीय विद्यालयों को 100 स्टडी डेस्क उपलब्ध कराए गए।

जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने स्टडी डेस्क से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रवासी पालीवासियों को अपने गांव और जिले के विकास कार्यों से जोड़ना है, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में जनसहयोग के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई गति मिल सके।

अभियान के तहत श्री लोढ़ा राजकीय बाल उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरवा को 20, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सुगालिया को 6, राजकीय बाल उच्च प्राथमिक विद्यालय धामली को 16, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खेखों की ढाणी को 5, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांता को 14, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय वाडिया को 15, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुड़ा हिन्दू को 5, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचेटिया को 11 तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रायपुरिया को 8 स्टडी डेस्क प्रदान किए गए। इन डेस्कों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर बैठने की सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बन सकेगी।

जिला प्रवासी प्रकोष्ठ प्रभारी ने बताया कि जिले के विकास कार्यों में सहयोग करने के इच्छुक प्रवासी पालीवासी व्हाट्सएप नंबर 92510-39118 अथवा जिला प्रशासन की आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का उद्देश्य प्रवासी समाज की सहभागिता से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के कार्यों को और अधिक मजबूत बनाना है।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी तथा जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सैयद रज्जाक अली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

‘आओ गांव चलें’ अभियान के माध्यम से लगातार मिल रहे जनसहयोग से यह स्पष्ट हो रहा है कि प्रवासी पालीवासी अपनी जन्मभूमि के विकास के लिए आगे आ रहे हैं और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में उनका सहयोग ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button