google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस पर महिला सशक्तिकरण का संदेश, पाली में किसानों को जैविक खेती और साइबर सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण

पाली : राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर पाली जिले के ग्राम जवाड़िया गिरादड़ा में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन सुमन अबुजा फाउंडेशन के एकीकृत ग्रामीण विकास कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला किसान एवं स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नाबार्ड पाली के जिला विकास प्रबंधक विपिन चुघ ने नाबार्ड की 45 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्था देश के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि विकास, वित्तीय समावेशन, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए नाबार्ड विभिन्न योजनाओं का सफल संचालन कर रहा है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने महिला किसानों को रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्हें आधुनिक, टिकाऊ और कम लागत वाली कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई, जिससे उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए महिलाओं को साइबर फ्रॉड से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन, बैंकिंग सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने महिलाओं को डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह दी।

संवाद कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष, सतत कृषि, ग्रामीण विकास तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और उन्हें नई तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक पहल करते हुए वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं अतिथियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित एवं समृद्ध ग्रामीण भारत के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में केवीवी के निदेशक मनोज कुमार, अग्रणी जिला बैंक अधिकारी कैलाश नारायण मीणा, राजस्थान ग्रामीण बैंक पाली शाखा प्रबंधक मुनीश शर्मा, मिशन सुमन के परियोजना अधिकारी दिनेश कुमार, गब्बर राठौड़ तथा क्रिसिल के मनीष कुमार सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी वक्ताओं ने महिला किसानों को संगठित होकर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button