
पाली : महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के विचारों को वर्तमान समय में और अधिक प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान, पाली की जिला स्तरीय कार्यकारिणी बैठक एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला संयोजक केवलचंद गुलेच्छा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में गांधीवादी विचारकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों ने राष्ट्र निर्माण में गांधीजी के सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला संयोजक केवलचंद गुलेच्छा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना स्वतंत्रता आंदोलन के समय था। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के लिए गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

विशिष्ट अतिथि एवं गांधीवादी विचारक श्याम सुंदर जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन दर्शन समाज को समरसता, सेवा और भाईचारे का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में गांधीवादी मूल्यों को अपनाकर ही समाज में शांति और सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
वहीं जिला सह संयोजक जीवराज बोराणा ने कहा कि गांधीजी का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गांधीजी के आदर्शों को अपनाते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में गांधीवादी विचारक रामफल सिंह गुर्जर, युवा संयोजक गौतम, व्याख्याता श्याम तोशावरा, अनुपम चतुर्वेदी, भंवर राव, जोगाराम सोलंकी, पाली शहर ब्लॉक संयोजक राजू सोलंकी, ब्लॉक सह संयोजक आमीन अली रंगरेज, बाली संयोजक राकेश मेवाड़ा, रोहट संयोजक गिरधारी सिंह राजपुरोहित, वागाराम बिश्नोई, मारवाड़ जंक्शन संयोजक तरुण टाक सहित अनेक वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।
सभी वक्ताओं ने गांधीजी के सिद्धांतों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा सत्य, अहिंसा और सेवा के मूल्यों को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

संगोष्ठी में जिलेभर से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिला प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अंकिता बोहरा, आंचल रामावत, डिंपल, सुनील रामावत, विनोद मोदी, शहजाद शेख, राजेंद्र मेघवाल, लक्ष्मण कच्छवाहा, अल्ताफ राजा, प्रवीण मीणा, संजय परमार, धर्मेंद्र गोयल, आरिफ शेख, नरपत सिंह दहिया, मुकेश ओझा, राहुल घावरी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जबकि अंत में जिला सह संयोजक जीवराज बोराणा ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन भंवर राव ने किया। संगोष्ठी का समापन गांधीवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में शांति, सद्भाव तथा सेवा की भावना को मजबूत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।



