पाली में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे-केयर सेंटर शुरू, अब स्वास्थ्य, योग, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का मिलेगा एक ही छत के नीचे लाभ

पाली : शहर के वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ, सक्रिय और सामाजिक रूप से जुड़ा रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नेत्रहीन विकास उद्योग समिति, पाली ने शुक्रवार को नशा मुक्ति सभागार में वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर का शुभारंभ किया। इस केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य परामर्श, योग, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता जैसी कई सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
समिति के कोषाध्यक्ष तेजपाल जैन ने बताया कि डे-केयर सेंटर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने हमउम्र लोगों के साथ समय बिताने के साथ-साथ मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें। उन्होंने बताया कि केंद्र में नियमित रूप से स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां, योग अभ्यास, मनोरंजन कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और सामाजिक संवाद आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि डे-केयर सेंटर का संचालन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। इसमें 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिक बिना किसी शुल्क के शामिल हो सकेंगे। प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है ताकि अधिक से अधिक बुजुर्ग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान, पाली तथा स्काउटिंग एंड गोल्ड गिल्ड के सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान समिति के सचिव सुरेश अरोड़ा ने डे-केयर सेंटर की नियमावली का वाचन करते हुए इसकी कार्यप्रणाली और उद्देश्य की जानकारी दी।
समारोह के अंत में समिति के अध्यक्ष छगनलाल सालेचा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह डे-केयर सेंटर वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक, मानसिक और शारीरिक रूप से लाभकारी साबित होगा।

इस अवसर पर लखपतराज सिंघवी, घनश्याम भटनागर, राजेश अरोड़ा, चम्पालाल संकलेचा, भीमसिंह मेहता, देवराज शर्मा, कांतिलाल मुथा सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए इसे वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया।



