प्रधानमंत्री मोदी ने किया सोमेसर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, अमृत भारत स्टेशन योजना से मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र को मिली नई सौगात

पाली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के साथ राजस्थान के 8 आधुनिकीकृत रेलवे स्टेशनों को भी नई पहचान मिली। पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र स्थित सोमेसर रेलवे स्टेशन भी इस सूची में शामिल रहा, जहां लोकार्पण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
सोमेसर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, पाली सांसद पी.पी. चौधरी, मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम चौधरी, अजमेर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजू भूतड़ा, सुनील भंडारी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इसके अलावा भरत जैन, पूनम सिंह, सुमित्रा राजपुरोहित, देवीलाल मेघवाल, पूर्व सभापति कुसुम सोनी, पुखराज पटेल, आनंद वैष्णव, पूनाराम भायल, विनोद पारख तथा कैप्टन महिर देव सिंह सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों पर विकसित की गई आधुनिक सुविधाओं एवं अधोसंरचना उन्नयन की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन पर किए गए विकास कार्यों से भी सभी को अवगत कराया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, रेलवे अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनते हुए स्टेशन के नए स्वरूप की सराहना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सोमेसर रेलवे स्टेशन भविष्य में यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और क्षेत्र के विकास का नया केंद्र बनेगा।



