जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश का सुनहरा मौका, 31 जुलाई तक भरें आवेदन, पाली प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण अनिवार्य किया

पाली : जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने का सुनहरा अवसर है। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027-28 के तहत कक्षा-6 प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी पात्र विद्यार्थियों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने बताया कि जिले के कुछ ब्लॉकों में कक्षा-5 में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या की तुलना में ऑनलाइन आवेदन अपेक्षा से कम प्राप्त हुए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (BEO) एवं पीईईओ को आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार विशेष रूप से पाली जिले की कक्षा-5 में अध्ययनरत सभी पात्र छात्राओं के 100 प्रतिशत ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही इच्छुक सभी छात्रों के आवेदन भी अंतिम तिथि से पहले भरवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी योग्य विद्यार्थी इस अवसर से वंचित न रहे।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में प्रत्येक विद्यार्थी को केवल एक बार ही शामिल होने का अवसर मिलता है। ऐसे में यदि कोई पात्र छात्र आवेदन नहीं कर पाता है, तो भविष्य में उसे दोबारा यह अवसर नहीं मिलेगा। इसी कारण विद्यालय स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अभिभावकों और विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
जिला प्रशासन ने आगामी सप्ताह जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। बैठक में सभी ब्लॉकों में ऑनलाइन आवेदन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा लक्ष्य से पीछे रहने वाले क्षेत्रों के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी।
इसके अलावा सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पीईईओ के नाम और मोबाइल नंबरों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आवेदन प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग और समन्वय प्रभावी ढंग से किया जा सके।
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करवाएं। विभाग का लक्ष्य है कि पाली जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित आवासीय शिक्षा योजना से वंचित न रहे।



