google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

शिक्षा के लिए बढ़ा सरगरा समाज का कदम, बीएसटीसी छात्रा की फीस उठाई, बिना ब्याज शिक्षा सहायता से बदल रहे भविष्य

पाली : आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने, इसी उद्देश्य को लेकर कार्य कर रही सरगरा एज्युकेशन सोसायटी, पाली ने एक बार फिर समाज के लिए प्रेरणादायक पहल करते हुए बीएसटीसी द्वितीय वर्ष की एक होनहार छात्रा की फीस का जिम्मा उठाया। संस्था की ओर से छात्रा को ₹16,555 का चेक प्रदान कर उसकी पढ़ाई को निरंतर जारी रखने में सहयोग किया गया।

संस्था के अध्यक्ष डीआर सागर ने बताया कि सरगरा समाज द्वारा संचालित यह सोसायटी शिक्षा को समर्पित है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज का कोई भी मेधावी विद्यार्थी केवल आर्थिक अभाव के कारण अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। इसी सोच के साथ संस्था जरूरतमंद विद्यार्थियों को बिना ब्याज फीस सहायता उपलब्ध कराती है और राशि सीधे संबंधित शिक्षण संस्थान के नाम जारी की जाती है।

सोसायटी के कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार कच्छवाह ने बताया कि इस बार पाली जिले की एक होनहार छात्रा को बीएसटीसी द्वितीय वर्ष की फीस के लिए ₹16,555 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि संस्था का पूरा शिक्षा कोष समाज के सदस्यों के सहयोग और सदस्यता राशि से संचालित होता है, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर सहायता मिलती है।

संस्था के सचिव कन्हैयालाल चौहान ने बताया कि सोसायटी अब तक अनेक विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बिना ब्याज फीस सहायता उपलब्ध करा चुकी है। कई विद्यार्थी पढ़ाई पूरी करने के बाद प्राप्त सहायता राशि वापस संस्था के खाते में जमा भी कर चुके हैं, जिससे अन्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी लाभ मिल रहा है।

उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस शिक्षा अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से ही शिक्षा का यह कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है और भविष्य में भी किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई आर्थिक कारणों से नहीं रुकेगी।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के उपाध्यक्ष बद्रीलाल चौहान, बाबूलाल चौहान एवं जितेंद्र कच्छवाह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा को समाज के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए इस अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प व्यक्त किया। संस्था का मानना है कि शिक्षा में किया गया सहयोग किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य में किया गया सबसे बड़ा निवेश होता है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button