पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को पाली में मिले स्थायी सम्मान की मांग, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

पाली : भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और ‘मिसाइल मैन’ के नाम से विख्यात डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर पाली में उन्हें याद करते हुए एक प्रेरणादायी पहल की गई। मुस्लिम युवा फाउंडेशन समिति, पाली ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ जिला प्रशासन से मांग की कि शहर के किसी प्रमुख सर्कल, उद्यान अथवा सरकारी भूमि का नामकरण डॉ. कलाम के नाम पर किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से प्रेरणा ले सकें।
समिति के पदाधिकारियों ने जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का चित्र भेंट किया तथा अपनी मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में भी इस संबंध में अलग से आवेदन प्रस्तुत किया गया।
समिति के प्रवक्ता साजिद खान ने बताया कि डॉ. कलाम केवल एक वैज्ञानिक या पूर्व राष्ट्रपति नहीं थे, बल्कि वे युवाओं के प्रेरणास्रोत और शिक्षा, विज्ञान तथा आत्मनिर्भर भारत के मजबूत समर्थक थे। उनके सम्मान में शहर के किसी सार्वजनिक स्थल का नामकरण करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और समाज में सकारात्मक संदेश भी जाएगा।
इस पहल का नेतृत्व मुस्लिम युवा फाउंडेशन समिति के अध्यक्ष मेहराज अली चूड़ीघर ने किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का पूरा जीवन सादगी, ईमानदारी, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। ऐसे महान व्यक्तित्व के नाम पर सार्वजनिक स्थल का नामकरण होने से युवाओं को उनके जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में साहिल नागौरी (उपाध्यक्ष), सय्यद अबूबकर (सचिव), सरपरस्त जहीर मकरानी, जाकिर गौरी, सलीम भाई, गुलाम मुस्तफा, अनवर भाई, इकबाल भाई, गौस मोहम्मद, समीर मॉयल सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
समिति ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सम्मान में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए पाली शहर के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल का नाम उनके नाम पर रखा जाए, जिससे उनकी प्रेरणादायी विरासत आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सके।



