सब्जी की लारी से आत्मनिर्भरता की नई राह, बाली के ललित कुमार को पीएम स्वनिधि योजना से मिला ₹15 हजार का ऋण

पाली : राजस्थान सरकार की पहल पर आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 (फॉलोअप शिविर) आमजन के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। नगर पालिका बाली में आयोजित शिविर में एक छोटे सब्जी विक्रेता के सपनों को नई उड़ान मिली, जब उसे प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ₹15,000 की पहली ऋण किस्त का स्वीकृति पत्र सौंपा गया।
बाली निवासी ललित कुमार, जो वर्षों से सब्जी की लारी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं, अपने छोटे व्यवसाय का विस्तार करना चाहते थे। आर्थिक संसाधनों की कमी उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। ऐसे में उन्होंने शहरी सेवा शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया।
शिविर में अधिकारियों ने उनके आवेदन का त्वरित परीक्षण कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी कीं और प्रथम चरण में ₹15,000 का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया। इस सहायता से ललित कुमार अब अपने व्यवसाय के लिए आवश्यक पूंजी जुटाकर सब्जी व्यापार को और बेहतर तरीके से संचालित कर सकेंगे।
ललित कुमार ने बताया कि शहरी सेवा शिविर में पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और पारदर्शी रही। बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के उनका आवेदन स्वीकृत हुआ, जिससे उन्हें समय और खर्च दोनों की बचत हुई। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहायता उनके परिवार की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, राजस्थान सरकार और नगर पालिका बाली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी एवं लारी संचालकों के लिए संजीवनी का काम कर रही है और उन्हें सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान कर रही है।
प्रशासन का कहना है कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करना और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। ऐसे शिविर न केवल लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



