google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

10 हजार से बदली तकदीर, अब 25 हजार के ऋण से सैलून को मिलेगा नया विस्तार, पीएम स्वनिधि योजना से आत्मनिर्भर बने राजेन्द्र सैन

पाली : छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पाली में कई परिवारों की जिंदगी बदल रही है। इसी योजना का लाभ उठाकर मंडिया रोड निवासी राजेन्द्र सैन ने अपने छोटे से सैलून व्यवसाय को नई दिशा दी है। पहले चरण में मिले 10 हजार रुपये के ऋण का समय पर भुगतान करने के बाद अब उन्हें दूसरे चरण में 25 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आधुनिक सुविधाएं जोड़ रहे हैं।

34 वर्षीय राजेन्द्र सैन लंबे समय से हेयर कटिंग (सैलून) का व्यवसाय संचालित कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। व्यवसाय को आगे बढ़ाने और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आवेदन किया। योजना के प्रथम चरण में उन्हें 10 हजार रुपये का ऋण मिला, जिसका उपयोग उन्होंने सैलून के लिए आवश्यक उपकरण और सामग्री खरीदने में किया।

राजेन्द्र सैन ने योजना के तहत प्राप्त ऋण की सभी किश्तों का समय पर भुगतान किया। उनकी वित्तीय अनुशासन और नियमित पुनर्भुगतान को देखते हुए उन्हें योजना के दूसरे चरण में 25 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इस राशि से वे अपने सैलून में आधुनिक मशीनें, नए उपकरण और अतिरिक्त सुविधाएं जोड़ रहे हैं, जिससे ग्राहकों को बेहतर सेवाएं मिलने के साथ उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं एवं छोटे व्यवसायियों को बिना किसी बड़ी औपचारिकता के आसान ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को अगले चरण में अधिक राशि का ऋण मिलने से वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर रोजगार और आय दोनों बढ़ा रहे हैं।

राजेन्द्र सैन की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ और समय पर वित्तीय अनुशासन किसी भी छोटे व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है। पाली में ऐसे अनेक छोटे व्यापारी अब प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button