आरयूआईडीपी से बदलेगी सोजत की तस्वीर, 8.26 करोड़ के विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार, बाढ़ प्रबंधन से लेकर स्मार्ट सुविधाओं पर होगा काम

पाली/सोजत : सोजत शहर को आधुनिक, स्वच्छ और बेहतर शहरी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के तहत करीब 8.26 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई है। इन प्रस्तावित कार्यों को लेकर शुक्रवार को नगरपालिका सभागार में आयोजित ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न हितधारकों से सुझाव लेकर परियोजना को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्यक्रम में आरयूआईडीपी अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि पंचम चरण के अंतर्गत शहर में बाढ़ प्रबंधन, ठोस कचरा प्रबंधन, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण तथा पर्यटन विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य सोजत को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक सुव्यवस्थित और टिकाऊ शहर के रूप में विकसित करना है।
परियोजना के तहत लगभग 1.88 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
इसके अलावा 2.64 करोड़ रुपये की लागत से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण और पर्यटन विकास से जुड़े कार्य किए जाएंगे, जबकि 3.73 करोड़ रुपये की राशि ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली को आधुनिक बनाने पर खर्च की जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायिका श्रीमती शोभा चौहान ने कहा कि आरयूआईडीपी के तहत प्रस्तावित परियोजनाएं सोजत के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरों में आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है और सोजत को भी इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए नगर निकाय, आरयूआईडीपी, विभिन्न विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए आमजन से भी सक्रिय भागीदारी की अपील की।
आरयूआईडीपी के अधिशासी अभियंता प्रशांत टाटू ने परियोजना के विभिन्न घटकों की जानकारी देते हुए बताया कि संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर उन्हें यथासंभव परियोजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी की विभिन्न परियोजनाओं पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इसके बाद आयोजित खुले संवाद सत्र में प्रतिभागियों ने बाढ़ प्रबंधन, ठोस कचरा प्रबंधन, विरासत संरक्षण और अन्य विकास कार्यों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं और सुझाव रखे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम में विधायिका शोभा चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व पार्षद, महिला प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं अन्य हितधारकों ने भाग लेकर शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता के साथ तैयार की जा रही यह परियोजना सोजत को आधुनिक और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।



