google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

विहिप की जिला बैठक में छह माह की कार्ययोजना पर मंथन, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर बनी रणनीति

पाली। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को मिल गेट स्थित हंस निर्वाण सरस्वती निकेतन में आयोजित हुई। बैठक में आगामी छह माह के संगठनात्मक कार्यों, सामाजिक गतिविधियों एवं विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन को जिला स्तर से लेकर प्रखंड एवं खंड स्तर तक अधिक प्रभावी बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक का शुभारंभ प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख अमित पाराशर, जिला अध्यक्ष नरेंद्र माछर, जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत एवं बजरंग दल प्रांत सुरक्षा प्रमुख अनिल चौहान ने भारत माता एवं श्रीराम दरबार के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।

प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख मनीष सेन ने बताया कि बैठक में प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख अमित पाराशर ने संगठन की कार्यप्रणाली एवं आगामी गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की कार्यप्रणाली केंद्रीय स्तर से लेकर प्रांत, जिला, प्रखंड एवं खंड स्तर तक क्रमबद्ध रूप से संचालित होती है। केंद्रीय एवं प्रांत स्तर की बैठकों के बाद अब जिला स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में संगठन की गतिविधियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की आवश्यकता है। इसके लिए आगामी छह माह में होने वाले कार्यक्रमों की पहले से योजना बनाकर उन्हें व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से आयोजित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया गया।

बैठक में आगामी छह माह के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इनमें अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष, संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती महोत्सव, अखंड भारत संकल्प दिवस, रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, विश्व हिन्दू परिषद स्थापना दिवस, दुर्गाष्टमी, महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपोत्सव, गोपाष्टमी, हितचिंतक अभियान एवं गुरुनानक जयंती सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।

बैठक में इन कार्यक्रमों को जिला, प्रखंड एवं खंड स्तर तक पहुंचाने, अधिकाधिक कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक कार्यक्रम की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण है। जिला स्तर पर निर्धारित योजनाओं को प्रखंड एवं खंड स्तर तक पहुंचाने के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद एवं संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को लेकर समयबद्ध तैयारी करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। बैठक में संगठन की आगामी प्राथमिकताओं एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत ने बताया कि बैठक में जिला एवं संगठन के विभिन्न दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान भीमराज चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सवाई सिंह, जिला सह मंत्री किशन चौधरी, रोहट से राणीदान राव, हरिदास वैष्णव, खिंवाड़ा से हीर सिंह, बजरंग दल जिला संयोजक हसमुख गहलोत, विशेष संपर्क प्रमुख जगदीश सिंह, बाबूदास वैष्णव, जिला कोषाध्यक्ष रामसुख पायक, दुर्गेश चौहान, कैलाश कुमावत, श्रवण भिलवारा, प्रमोद गौड़, प्रेम लोहानी, गोपाल अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में मातृशक्ति की ओर से रेखा सोलंकी, प्रियंका माली एवं हेमलता परिहार ने भी सहभागिता की। पदाधिकारियों ने आगामी छह माह के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने तथा संगठन की गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button