नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, शिवाजी मंडल की बैठक में बूथ स्तर पर तैयारियों का खाका तैयार

पाली : आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा पाली के शिवाजी मंडल की कार्यसमिति बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में मंडल के बूथ अध्यक्षों सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी निकाय चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना और चुनावी तैयारियों को गति देना रहा।
बैठक की अध्यक्षता शिवाजी मंडल अध्यक्ष गोपाल बजारा ने की। उन्होंने बताया कि नगर निगम चुनाव को लेकर मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी ने कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ स्तर की मजबूती सबसे महत्वपूर्ण है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को चुनाव की प्रमुख इकाई मानकर कार्य करे और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी बूथ पर संगठनात्मक स्तर पर कोई कमी नहीं रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची सहित बूथ से संबंधित आवश्यक जानकारी को अपडेट रखने और संगठन की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया।

पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी पूरी गंभीरता से तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी मेहनती, सक्रिय और संगठन के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने पर प्राथमिकता देगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से मतदाता सूचियों की जांच करने, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन करवाने सहित संगठनात्मक कार्यों में सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियां अंतिम समय में नहीं बल्कि अभी से बूथ स्तर पर शुरू करने की आवश्यकता है।
बैठक में आगामी ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण अभियान को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को दोनों अभियानों को मंडल एवं बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने की जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में भी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, जिला महामंत्री भरत त्रिवेदी, रामकिशोर साबू, जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी, लालूभाई पिरतमानी, विधानसभा संयोजक प्रताप सिंह जोधा, प्रवीण गोलेच्छा, राहुल मेवाड़ा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंडल के सभी बूथ अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों पर अपने सुझाव भी रखे। कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
भाजपा की इस बैठक को आगामी नगर निगम चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी ने बूथ स्तर की तैयारियों, मतदाता सूची के सत्यापन और नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक अभियानों के जरिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर जोर दिया है।



