google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जिला कलक्टर की सख्ती, लंबित कार्यों में लाएं तेजी, योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना करें सुनिश्चित

पाली : जिला कलक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं, बजट घोषणाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं, ‘हरियालो राजस्थान’, ‘हर घर तिरंगा अभियान’, नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों, स्वतंत्रता दिवस आयोजन तथा वर्ष 2024-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की भी जानकारी ली और अधिकारियों को कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के बकाया कार्यों तथा बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (RSRDC) से जुड़े कार्यों और पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की स्थिति भी जानी गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान कुसुम-ए, कुसुम-बी एवं पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने बिजली आपूर्ति एवं कटौती से संबंधित जानकारी आमजन तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को विद्युत आपूर्ति की स्थिति की पूर्व जानकारी मिल सके।

जिला कलक्टर ने बांगड़ चिकित्सालय एवं चिकित्सा विभाग को अस्पतालों में पानी की टंकियों की नियमित सफाई कराने, वाटर कूलरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा गतिविधियां एवं फॉगिंग प्रभावी रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।

नगर निगम से संबंधित बजट घोषणाओं के कार्यों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जन विकास योजना, अमृत 2.0, पीएम स्वनिधि और राज उन्नति सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिले और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

बैठक में ‘हरियालो राजस्थान अभियान’ के तहत जिले में चल रहे पौधारोपण कार्यों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने कहा कि पौधारोपण केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण एवं नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को पौधों की जीवितता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

प्रदूषण नियंत्रण मंडल एवं खनन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने अनधिकृत खनन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नियमित निरीक्षण एवं कार्रवाई की रिपोर्ट लेने को कहा।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में स्थित जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सरकारी विद्यालय भवनों की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल गोपाल दूध योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जर्जर भवनों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई समय पर करने के निर्देश दिए।

रसद विभाग की समीक्षा में जिले की उचित मूल्य दुकानों, खाद्य सुरक्षा योजना तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) से संबंधित कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को पात्र लोगों को खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में भेजने, भौतिक सत्यापन, एफएमडी टीकाकरण, वैक्सीन की उपलब्धता तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की प्रगति की जानकारी ली।

इसके साथ ही स्वीकृत नवीन पशु चिकित्सा संस्थानों से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को पशुधन से जुड़ी योजनाओं का लाभ पशुपालकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

कृषि एवं उद्यान विभाग की कुसुम योजना, सोलर संयंत्रों तथा बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं केंद्रीय सहकारी बैंक, ‘सहकार से समृद्धि’, भूखंड आवंटन, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र, एफपीओ एवं डेयरी से संबंधित कार्यों की भी जानकारी ली गई। कृषि विपणन विभाग की बजट घोषणाओं तथा सांख्यिकी विभाग के पंच गौरव कार्यक्रम की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

बैठक में संपर्क 181 से प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से संबंधित शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी केवल कागजी प्रगति तक सीमित न रहें, बल्कि योजनाओं और विकास कार्यों का धरातल पर प्रभाव दिखाई देना चाहिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button