नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा महाराणा प्रताप मंडल ने कसी कमर, बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट की जांच के निर्देश

पाली : आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा पाली के महाराणा प्रताप मंडल की संगठनात्मक बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम चुनाव की रणनीति, बूथ सशक्तिकरण, मतदाता सूची के सत्यापन और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मंडल से जुड़े बूथ अध्यक्षों सहित बूथ एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाने और प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ और वार्ड में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों की बारीकी से जांच करने, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन करवाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। इसलिए प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय टीम तैयार रहनी चाहिए। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से भी आमजन से संपर्क बढ़ाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने कहा कि पार्टी संगठन में समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी के प्रति वर्षों से समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान को गति दें और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ें। उन्होंने संगठन की मजबूती को आगामी चुनाव में सफलता का आधार बताया।
बैठक के दौरान आगामी नगर निगम चुनाव की संभावित तैयारियों को लेकर विभिन्न संगठनात्मक बिंदुओं पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संपर्क बढ़ाने, मतदाता सूची का सत्यापन करने, संगठन की गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने तथा सदस्यता अभियान को प्रभावी बनाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से अभियान के तहत आमजन के बीच पहुंच बढ़ाने और राष्ट्रीय भावना से जुड़े कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

बैठक में जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, विधानसभा प्रभारी भरत त्रिवेदी, विधानसभा संयोजक प्रताप सिंह जोधा, नारायण कुमावत, देवीलाल मेघवाल, लालूभाई पिरतमानी, मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह भाटी, मूलसिंह भाटी, केसरसिंह परिहार, गुमान सिंह रावत, कैलाश गौड़ सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया। पदाधिकारियों ने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा चुनावी तैयारियों को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया।



