‘वंदेमातरम्’ के जयघोष से गूंजा पाली, युवाओं ने लगाई देशभक्ति की दौड़, ‘रन फॉर वंदेमातरम्’ में दिखा राष्ट्रप्रेम का उत्साह

पाली : अखंड भारत संकल्प दिवस एवं वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, पाली की ओर से मंगलवार को शहर में ‘रन फॉर वंदेमातरम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बांगड़ स्कूल बास्केटबॉल मैदान से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा एवं भगवा ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों और ‘वंदेमातरम्’ के जयघोष के साथ युवाओं ने दौड़ में सहभागिता की।
कार्यक्रम स्थल पर भारत माता एवं श्रीराम दरबार के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत, प्रांत सुरक्षा प्रमुख अनिल चौहान, विश्व हिन्दू परिषद जिला अध्यक्ष नरेन्द्र माछर, जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत एवं नगर अध्यक्ष आनंदस्वरूप गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बजरंग दल राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत ने कहा कि वंदेमातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अखंड भारत का विचार केवल भू-भाग की एकता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय अस्मिता और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का संकल्प है। वर्ष 1947 का विभाजन देश के इतिहास का गहरा घाव है। उन्होंने कहा कि अखंड भारत की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और सशक्त राष्ट्रजीवन के निर्माण से होकर जाता है।
किशन प्रजापत ने कहा कि भारत की अखंडता का आधार केवल उसका भूगोल नहीं, बल्कि हजारों वर्षों से चली आ रही संस्कृति, इतिहास और साझा विरासत है। सशक्त, एकजुट और संस्कारित भारत का निर्माण ही अखंड भारत की दिशा में पहला कदम है।

उद्बोधन के बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से वंदेमातरम् गीत का गायन किया। इसके पश्चात ‘रन फॉर वंदेमातरम्’ दौड़ को प्रारंभ किया गया। बांगड़ स्कूल बास्केटबॉल मैदान से शुरू हुई दौड़ कलेक्टर चौराहा, सूरजपोल, लोढ़ा स्कूल रोड, रोटरी क्लब एवं हिन्दू सेवा मंडल होते हुए वापस बांगड़ स्कूल बास्केटबॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
पूरे मार्ग में युवाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए। तिरंगे एवं भगवा ध्वज के साथ दौड़ते युवाओं के उत्साह से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया।
‘रन फॉर वंदेमातरम्’ में शामिल युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल से लेकर दौड़ के पूरे मार्ग तक ‘वंदेमातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष गूंजते रहे। आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही देश की सांस्कृतिक विरासत एवं राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के समापन पर नगर अध्यक्ष आनंदस्वरूप गुप्ता ने कार्यक्रम में शामिल सभी युवा साथियों, प्रशासन एवं आयोजन में तन-मन से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवीण परिवार ने किया।
प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख मनीष सेन ने बताया कि कार्यक्रम में प्रांत से भीमराज चौधरी, विजयराज सोनी, जगदीश सिंह, नीरज सोनी, पवम पांडे, बाबूदास वैष्णव, दुर्गेश चौहान, गणेशाराम कुमावत, परमेश्वर शर्मा, कैलाश कुमावत, श्रवण भिलवारा, प्रमोद गॉड, प्रेम लोहानी, रमेश थावानी, मदन परिहार, प्रवीण सोनी, रविन्द्र चौहान, प्रमोद गिरी, प्रताप सिंह, कमलेश मेवाड़ा, दीपक सोनी, भेरूसिंह राजपुरोहित, श्रवण रावल, दिनेश चौहान, गुलाब जांगिड़, सचिन कुमावत, गोविंद मेघवाल, नरेश पांडे, गौरव शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, ‘रन फॉर वंदेमातरम्’ के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र, संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं की सक्रिय भागीदारी और देशभक्ति के नारों ने आयोजन को यादगार बना दिया।




