google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

किशोर स्वास्थ्य अभियान के दूसरे दिन जिलेभर में जागरूकता की गतिविधियां, युवाओं को मिला स्वास्थ्य एवं जीवन कौशल का संदेश

पाली : अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का दूसरा दिन बुधवार को भी उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। 11 से 13 अगस्त 2026 तक चल रहे इस अभियान के तहत किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन कौशल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।

अभियान के दूसरे दिन जिले के उजाला केंद्रों, राजकीय विद्यालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच गतिविधियां आयोजित की गईं। बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियों ने इन कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों से संवाद किया और अपनी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि अभियान के तहत चिकित्सा विभाग की टीमें विभिन्न विद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचकर किशोर स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता सत्र आयोजित कर रही हैं। इन सत्रों में संतुलित पोषण, स्वस्थ जीवनशैली, व्यक्तिगत स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जानकारी दी जा रही है।

कई स्थानों पर आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविरों में किशोर-किशोरियों का हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, बीएमआई, दृष्टि, दंत स्वास्थ्य एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान आवश्यकता पाए जाने पर संबंधित किशोर-किशोरियों को आगे की चिकित्सा जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों पर आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदान्त गर्ग ने बताया कि अभियान के दूसरे दिन किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता दी गई। विभिन्न स्थानों पर मानसिक तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास, जीवन कौशल, डिजिटल सुरक्षा और नशे से बचाव जैसे विषयों पर विशेष परामर्श सत्र आयोजित किए गए।

किशोर-किशोरियों को अपनी समस्याओं और मानसिक तनाव को दबाने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति अथवा विशेषज्ञ से साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग तथा नशे से दूर रहने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान एनीमिया नियंत्रण पर भी विशेष जोर दिया गया। किशोर-किशोरियों को आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों के नियमित सेवन, संतुलित आहार, हरी पत्तेदार सब्जियों और पौष्टिक भोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

इसके साथ ही कृमिनाशक दवा के सेवन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने व्यवहार परिवर्तन आधारित गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि जिले के विभिन्न उजाला केंद्रों एवं चयनित चिकित्सा संस्थानों में विशेष किशोर परामर्श शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं काउंसलरों ने किशोर-किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, तनाव प्रबंधन और नशामुक्ति जैसे विषयों पर व्यक्तिगत एवं समूह परामर्श दिया।

इंटरैक्टिव सत्रों, प्रश्नोत्तर कार्यक्रमों और गोपनीय व्यक्तिगत परामर्श के माध्यम से किशोर-किशोरियों को उम्र के इस महत्वपूर्ण पड़ाव से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई।

एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीतकुमार गुर्जर ने बताया कि अभियान के अंतिम दिन 13 अगस्त को जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, निबंध प्रतियोगिता, रोल प्ले, समूह चर्चा, रैली, जनसंवाद तथा पोषण एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ, आत्मविश्वासी, सुरक्षित और सशक्त भविष्य के लिए तैयार करना है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से किशोरों तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए इस तरह की गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button