पाली में सिंगल यूज प्लास्टिक पर नगर निगम की सख्ती, 34 किलो पॉलिथिन जब्त

पाली : शहर में बढ़ते सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम पाली ने बुधवार को विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। निगम की स्वास्थ्य निरीक्षकों की टीम ने शहर के विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में पहुंचकर दुकानों, चाय की थड़ियों और स्ट्रीट वेंडरों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिबंधित एवं सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री का उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों से कुल 34 किलोग्राम प्लास्टिक पॉलिथिन जब्त की। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित दुकानदारों एवं विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 18 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान चाय की दुकानों पर उपयोग किए जा रहे पेपर कप, विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर रखी प्लास्टिक पॉलिथिन तथा स्ट्रीट वेंडरों द्वारा उपयोग में ली जा रही सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री की जांच की। जहां नियमों का उल्लंघन पाया गया, वहां मौके पर ही सामग्री जब्त कर जुर्माना लगाया गया।
निगम की इस कार्रवाई से दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडरों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने संबंधित व्यापारियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत भी दी।

नगर निगम आयुक्त की ओर से शहरवासियों, व्यापारियों एवं स्ट्रीट वेंडरों से लगातार सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की अपील की जा रही है। निगम की टीमों द्वारा पूर्व में भी विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में समझाया गया था।
इसके बावजूद सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग जारी रहने पर अब निगम की ओर से कार्रवाई तेज की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण एवं शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नगर निगम की ओर से आमजन और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक के बजाय कपड़े अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का इस्तेमाल करें। निगम ने कहा कि प्लास्टिक कचरे के कारण न केवल शहर की स्वच्छता प्रभावित होती है, बल्कि पर्यावरण और पशुओं के लिए भी गंभीर खतरा पैदा होता है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि निगम की कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय स्वयं जिम्मेदारी समझते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें और स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल पाली के निर्माण में सहयोग दें।
विशेष अभियान के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक कानाराम रल, अशोक डुलगच, रवि आदित्य, राकेश आदिवाल एवं देवाराम सहित नगर निगम की टीम के सदस्य मौजूद रहे। निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ निरीक्षण एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।



