पीएम स्वनिधि योजना में तेजी लाने की कवायद, पाली में बैंकर्स को लंबित ऋण प्रकरण शीघ्र निपटाने के निर्देश

पाली : शहर के स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में नवनियुक्त नगर निगम आयुक्त देवीलाल बोचल्या की अध्यक्षता में बुधवार को बैंकर्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के 12 बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों, ऋण स्वीकृति और वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र स्ट्रीट वेंडर्स के ऋण प्रकरणों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए और अनावश्यक रूप से किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखा जाए।
नगर निगम आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य छोटे स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बैंकर्स को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के प्रकरणों को प्राथमिकता से लेकर ऋण स्वीकृति एवं वितरण की कार्रवाई पूरी करें।
उन्होंने बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा किसी प्रकार की तकनीकी अथवा दस्तावेज संबंधी समस्या होने पर नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उसका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में ऋण वितरण की प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत सभी बैंक अपने स्तर पर एक दिन निर्धारित करेंगे। निर्धारित दिन बैंक प्रतिनिधि नगर निगम के अधिकारियों से समन्वय कर पात्र आवेदकों को बुलाएंगे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसी दिन ऋण वितरण सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे। इस व्यवस्था से बैंक और लाभार्थी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण में भी मदद मिलेगी।
जिला परियोजना अधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि बैंकों के सहयोग से शहरी सेवा फॉलोअप शिविर के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में पाली ने बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि बैंकों के सहयोग से पाली जिला अग्रणी पांच जिलों में स्थान बनाने में सफल रहा है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को भी करीब 45 लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत किए गए। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपील की कि लंबित प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को जल्द से जल्द ऋण उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि योजना की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी। इसके लिए 31 अगस्त को अगली समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बैंकों के लंबित प्रकरणों, ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
कर निर्धारक किशन सिंह रतनू ने बैंकर्स से कहा कि पीएम स्वनिधि योजना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसलिए बैंक अधिकारी इस योजना को प्राथमिकता देते हुए पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध करवाएं।
बैठक के दौरान विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने भी योजना के क्रियान्वयन से जुड़े अपने सुझाव साझा किए। बैंक प्रतिनिधियों ने नगर निगम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आगामी दिनों में अधिक से अधिक पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण उपलब्ध कराने पर सहमति जताई।
नगर निगम प्रशासन का जोर अब लंबित ऋण प्रकरणों को तेजी से निपटाने के साथ ही पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ निर्धारित समय में उपलब्ध कराने पर है, ताकि छोटे व्यवसायियों को आर्थिक मजबूती मिले और वे अपने कारोबार को आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकें।



