गोवंश संरक्षण को लेकर कांग्रेस ने उठाई आवाज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

पाली : गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने तथा गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी पाली की ओर से सोमवार को जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से गोवंश संरक्षण को लेकर ठोस एवं प्रभावी नीति बनाने की मांग रखी।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष हकीम भाई, संगठन महासचिव जोगाराम सोलंकी, कोषाध्यक्ष महावीर कटारिया, महासचिव मंगलाराम बाड़सा, यशपाल सिंह कुम्पावत, जिला प्रवक्ता ताराचंद चंदनानी, रफीक चौहान, संजय परमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में कहा कि गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर संगठन की ओर से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
पदाधिकारियों ने कहा कि गोवंश संरक्षण के लिए समाज और सरकार को मिलकर प्रभावी प्रयास करने चाहिए। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ गोवंश की सुरक्षा एवं संवर्धन को प्राथमिकता दिए जाने की जरूरत है।
इस मांग को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा के जन्मदिन के अवसर पर गत दिवस ‘गोमाता राष्ट्र माता संकल्प दिवस’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आमजन की ओर से व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। आयोजकों के अनुसार अभियान में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हस्ताक्षर किए और गोवंश संरक्षण एवं गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि संकल्प दिवस के दौरान चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के बाद अब जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर इस मांग को आगे बढ़ाया गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गोवंश के संरक्षण के लिए जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक एवं प्रभावी निर्णय लिया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने गोमाता के संरक्षण, गोवंश संवर्धन और राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेसजनों ने इस अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही।



