‘आओ गांव चलें’ अभियान को मिला बड़ा सहयोग, भामाशाह ने स्वास्थ्य केंद्र के लिए 19.70 लाख की जमीन देने की जताई सहमति

पाली : प्रवासी पालीवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और गांवों में जनोपयोगी विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की पहल पर शुरू किए गए ‘आओ गांव चलें’ अभियान को लगातार भामाशाहों और प्रवासी पालीवासियों का सहयोग मिल रहा है। अभियान से प्रेरित होकर एक भामाशाह ने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है।
गांव गुड़ानारकान निवासी भामाशाह चैन सिंह पुत्र बुद्धसिंह ने पाली ब्लॉक की सोनाईमांजी ग्राम पंचायत के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोजावास के लिए 525.65 वर्गमीटर भूमि दान करने की सहमति प्रदान की है। इस भूमि की अनुमानित कीमत करीब 19.70 लाख रुपये बताई गई है। भामाशाह की इस पहल से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा और ग्रामीणों को भविष्य में बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की ओर से ‘आओ गांव चलें’ अभियान के माध्यम से प्रवासी पालीवासियों को अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़कर जनहित के कार्यों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रवासियों की सामाजिक सहभागिता को बढ़ाते हुए गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास में उनका सहयोग सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत प्रवासी भामाशाहों द्वारा अपने गांवों और क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप सहयोग किया जा रहा है। इससे ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को नई गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर सुविधाओं को मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।

सोजावास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए भूमि उपलब्ध होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण सहयोग माना जा रहा है। भामाशाह चैन सिंह की ओर से दी गई भूमि की सहमति को अभियान के तहत जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
जिला प्रवासी प्रकोष्ठ की ओर से प्रवासी पालीवासियों से लगातार संपर्क और समन्वय किया जा रहा है, ताकि वे अपनी मातृभूमि के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। अभियान के माध्यम से प्रवासियों को उनके गांवों की जरूरतों से अवगत कराने तथा जनोपयोगी कार्यों में सहयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का मानना है कि प्रवासी पालीवासियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास को और मजबूती मिल सकती है। ‘आओ गांव चलें’ अभियान इसी भाव को जनभागीदारी के माध्यम से धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रवासी पालीवासी अभियान से जुड़ने अथवा सहयोग के लिए जिला प्रवासी प्रकोष्ठ से व्हाट्सएप नंबर 92510-39118 अथवा ई-मेल dpsdc.warroom.pali@rajasthan.gov.in के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।



