पाली में सफाई व्यवस्था को लेकर निगम सख्त, आयुक्त ने गौशाला से लेकर कचरा संग्रहण तक का किया निरीक्षण

पाली : शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और मानसून के दौरान आमजन को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए नगर निगम ने निगरानी तेज कर दी है। जिला कलक्टर के निर्देशों की पालना में नगर निगम आयुक्त ने गुरुवार को सफाई टीम एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बेसहारा पशुओं की व्यवस्था, गौशाला में चारा-पानी, पार्क की साफ-सफाई और घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया गया।
मानसून के दौरान सड़कों पर खुले में घूमने वाले गौवंश के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आयुक्त ने बांगड़ स्टेडियम के पीछे स्थित अस्थाई गौशाला और अपना घर के सामने स्थित कांजी हाउस का निरीक्षण किया।
उन्होंने वहां मौजूद बेसहारा पशुओं के लिए उपलब्ध चारा-पानी, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और रख-रखाव की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आयुक्त ने संबंधित प्रभारियों को निर्देश दिए कि गौवंश को समय पर पर्याप्त चारा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए। पशुओं के स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने मानसून के दौरान सड़कों पर खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पशुपालकों से भी अपने गौवंश को सुरक्षित बाड़ों में रखने की अपील की।

निरीक्षण के अगले चरण में आयुक्त ने लाखोटिया उद्यान का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में सफाई व्यवस्था, बागवानी, प्रकाश व्यवस्था तथा नागरिकों के लिए उपलब्ध बैठने की सुविधाओं को देखा।
उन्होंने उद्यान प्रभारी को नियमित रूप से सफाई करवाने, पेड़-पौधों का समुचित रख-रखाव करने और पार्क में आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि शहर के प्रमुख उद्यानों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आमजन को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
इसके बाद आयुक्त ने घर-घर कचरा संग्रहण वाहनों के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जीपीएस सिस्टम के माध्यम से कचरा संग्रहण वाहनों की लोकेशन, निर्धारित रूट और कवरेज की मॉनिटरिंग व्यवस्था को देखा।
उन्होंने अधिकारियों से वाहनों के नियमित संचालन एवं निर्धारित रूट पर उनकी उपस्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि शहर में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित हो।

आयुक्त ने नया गांव क्षेत्र पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया और घर-घर कचरा संग्रहण वाहनों के संचालन को लेकर फीडबैक लिया। नागरिकों ने कचरा संग्रहण वाहनों के समय पर पहुंचने पर संतुष्टि व्यक्त की।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में प्रतिदिन शत-प्रतिशत घरों से निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी क्षेत्र में वाहन के नियमित संचालन में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
नगर निगम आयुक्त ने आमजन से शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाला कचरा नाला-नालियों में डालने के बजाय कचरा संग्रहण वाहन को ही दिया जाए।
उन्होंने बताया कि यदि किसी क्षेत्र में कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंच रहा है तो नागरिक निगम के हेल्पलाइन नंबर 73000-25332 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

आयुक्त ने पशुपालकों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अपने गौवंश को बाड़े में बांधकर रखें और उन्हें सड़कों पर खुले में नहीं छोड़ें। खुले में विचरण करते पाए जाने वाले गौवंश को नगर निगम की ओर से पकड़कर गौशाला भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि निगम द्वारा पकड़े गए गौवंश को छुड़ाने के लिए नियमानुसार जुर्माना भी देना पड़ सकता है। मानसून के दौरान सड़क पर पशुओं की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
नगर निगम की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और बेसहारा पशुओं को लेकर नियमित निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी कलीम असरफ, स्वास्थ्य निरीक्षक प्रथम लोकेश जैन, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक दिलीप कुमार सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



