पाली नगर निगम चुनाव, छुट्टी में भी नहीं थमा चुनावी काम, 450 से ज्यादा नामांकन फॉर्म बंटे

पाली : नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर पाली में चुनावी गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद निर्वाचन विभाग की तैयारियों पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दिया। नगर निगम कार्यालय में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के अधिकारी एवं कार्मिक दिनभर चुनावी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। वहीं संभावित पार्षद प्रत्याशियों की सुविधा के लिए निगम कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क भी सक्रिय रही, जहां दावेदारों को नामांकन पत्र उपलब्ध करवाए गए।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद संभावित प्रत्याशियों में बढ़ते उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार तक 450 से अधिक नामांकन पत्र वितरित किए जा चुके हैं। हालांकि अभी नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। नामांकन पत्रों के वितरण के साथ ही शहर के विभिन्न वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं।
रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद संभावित उम्मीदवारों को नामांकन पत्र लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम कार्यालय में हेल्प डेस्क संचालित की गई।
हेल्प डेस्क पर कार्यरत मोहित माथुर, वीरेन्द्र कुमार एवं गौतम चंद मेवाड़ा ने पार्षद पद के दावेदारों को नामांकन पत्र उपलब्ध करवाए। अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार तक 450 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
नामांकन पत्र लेने वाले दावेदारों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई, ताकि नामांकन दाखिल करते समय दस्तावेजों अथवा प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आए।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि नगर निगम आम चुनाव की प्रक्रिया को समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूरा करने के लिए निर्वाचन प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिक कार्यालय में उपस्थित रहे और चुनावी तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए।
उन्होंने बताया कि चुनाव, अनुमति, लेखा, पोस्टल बैलेट, प्रशिक्षण, वाहन, मतपत्र मुद्रण, स्वीप, शिकायत, ईवीएम और मीडिया प्रकोष्ठ से जुड़े कार्मिकों ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
इन प्रकोष्ठों की ओर से नामांकन पत्रों के सेट तैयार करने के साथ निर्वाचन प्रक्रिया के आगामी चरणों के लिए आवश्यक दस्तावेज, रिकॉर्ड एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित किया गया।
एसडीएम राणावत ने बताया कि नगर निगम चुनाव की पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चरणवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी प्रकोष्ठों में चल रहे कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
निर्वाचन प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि नामांकन प्रक्रिया से लेकर चुनाव के प्रत्येक चरण में नियमों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी पालना सुनिश्चित हो।
450 से अधिक नामांकन पत्र वितरित होने के बाद नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में चुनावी चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। संभावित प्रत्याशी नामांकन से जुड़े दस्तावेज तैयार करने, प्रस्तावकों से संपर्क करने और चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
आने वाले दिनों में नामांकन पत्र दाखिल होने के साथ ही चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है। इसके बाद विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों की स्थिति और मुकाबले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होंगी।
निर्वाचन प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के लिए अलग-अलग प्रकोष्ठ बनाए गए हैं। इन प्रकोष्ठों के माध्यम से चुनाव से संबंधित अनुमति, लेखा, प्रशिक्षण, वाहन व्यवस्था, ईवीएम, मतपत्र, शिकायत और मीडिया संबंधी कार्यों को व्यवस्थित किया जा रहा है।
अवकाश के दिन भी अधिकारियों एवं कार्मिकों की सक्रियता से साफ है कि प्रशासन चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता।
इस दौरान ललित कुमार दवे, रमेश कुमार अणकिया, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, राजेश कुमार सैन, अनिता पारीक, शंकर सिंह राजपुरोहित एवं कुलदीप जोशी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।



