श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की बैठक में तीन अहम फैसले, जैतारण-रायपुर के 10 समाजबंधु होंगे विशेष आमंत्रित सदस्य

पाली : पाली जिला श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्थान की जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को श्री चामुंडा माता मंदिर, विजय नाड़ी-रामपुरा में आयोजित हुई। रामपुरा निवासी अडाणिया परिवार की ओर से आयोजित बैठक में समाज के सामाजिक विकास, आपसी समन्वय और संगठन को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।
बैठक में जिला महामंत्री प्रकाश धूपड़ ने समाजहित से जुड़े तीन प्रमुख प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे। प्रस्तावों पर समाजबंधुओं ने चर्चा की और इसके बाद ध्वनिमत से सहमति प्रदान की।
बैठक में विवाह सहित अन्य सामाजिक आयोजनों में ई-कार्ड की परंपरा शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य सामाजिक आयोजनों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ निमंत्रण प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
समाज की ओर से लिए गए इस निर्णय के तहत भविष्य में सामाजिक कार्यक्रमों के निमंत्रण के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा। इससे निमंत्रण प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ आधुनिक तकनीक को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में भी कदम माना गया।

बैठक में गंगाजली आयोजन में प्रसादी कार्यक्रम के दौरान एक मिठाई रखने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस प्रस्ताव पर भी सदन में चर्चा हुई और इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय पाली जिले से पूर्व में जुड़े रहे जैतारण और रायपुर क्षेत्र को लेकर रहा। वर्तमान में ये दोनों क्षेत्र ब्यावर जिले में शामिल हैं। दोनों क्षेत्रों के समाज के साथ सामाजिक जुड़ाव और आपसी समन्वय को बनाए रखने के उद्देश्य से निर्णय लिया गया कि जैतारण और रायपुर के अध्यक्षों सहित 5-5 समाजबंधुओं को पाली जिला कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के समाजबंधुओं के बीच सामाजिक जुड़ाव को बनाए रखना और समाजहित से जुड़े विषयों पर विचारों एवं सुझावों का आदान-प्रदान जारी रखना है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जैतारण और रायपुर के समाजबंधुओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जोड़ने की व्यवस्था केवल सामाजिक समन्वय और समाज के ताने-बाने को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
भविष्य में जब पाली और ब्यावर जिलों में समाज के चुनाव होंगे, तब पाली जिले के पदाधिकारी ब्यावर जिले के चुनाव में तथा ब्यावर जिले के पदाधिकारी पाली जिले के चुनाव में दखल नहीं देंगे। दोनों जिलों की सामाजिक व्यवस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया को स्वतंत्र रूप से संचालित करने पर सहमति बनी।

कार्यक्रम के दौरान नगर निकाय चुनाव में निर्वाचित समाज के पार्षदों का जिला पदाधिकारियों की ओर से सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में भागीरथ सहदेव, जैतारण; चम्पालाल अडाणिया, रायपुर मारवाड़ तथा नरेश कूकरा, सोजत सिटी शामिल रहे।
इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने निर्वाचित पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से सुभाष तुणगर सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संरक्षक गणपतलाल अडाणिया एवं मोतीलाल अडाणिया, अध्यक्ष जवरीलाल कूकरा, महामंत्री प्रकाश धूपड़, उपाध्यक्ष जयन्तीलाल खजवाणिया, सुरेश खजवाणिया एवं संपतराज खजवाणिया सहित समाज के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
इसके अलावा महेश भामा, अशोक अग्रोया, बाबूलाल मौसूण, देवराज धूपड़, ललित जवड़ा, शान्तिलाल जवड़ा, गणपत अग्रोया, जगदीश खजवाणिया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने बैठक में सहभागिता की।
बैठक का मंच संचालन शिव प्रसाद सहदेव ने किया। कार्यक्रम के आयोजक देवीलाल, बाबूलाल, मीठालाल, किशनलाल एवं आनन्दीलाल अडाणिया रहे। कार्यक्रम के अंत में अडाणिया परिवार, रामपुरा की ओर से उपस्थित समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।
जिला महामंत्री प्रकाश धूपड़ ने बताया कि बैठक में पारित सभी प्रस्तावों की प्रतियां जिले के सभी तहसील अध्यक्षों को भेजी जाएंगी। तहसील अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में इन निर्णयों को अमल में लाने के साथ सामाजिक उत्थान और संगठन को मजबूत करने में योगदान देंगे।
बैठक में समाज की एकजुटता, आपसी समन्वय और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। आयोजन के सफल संचालन के लिए समाज के सभी बंधुओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



