पाली : महिला नेता से अभद्रता के खिलाफ कांग्रेस का धरना, डॉक्टर को बर्खास्त करने की मांग

पाली : जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष मदनसिंह जागरवाल के नेतृत्व में शनिवार को जोरदार प्रदर्शन हुआ। पंचायती राज प्रदेश सचिव रेखा परिहार के साथ बूसी स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर द्वारा किए गए अशोभनीय व जातिसूचक व्यवहार के विरोध में कांग्रेस जनों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान की बात करने वाली सरकार में ही एक दलित महिला जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार शर्मनाक है। वक्ताओं में प्रदेश महासचिव ओमकार वर्मा, जिला प्रभारी कीर्ति कच्छवाह, पूर्व केंद्रीय मंत्रालय पदाधिकारी शिशुपालसिंह राजपुरोहित, सेवादल के जबरसिंह राजपुरोहित, महिला महासचिव नीलम बिड़ला, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोरधन देवासी समेत सैकड़ों नेता शामिल रहे।
धरने में डॉक्टर को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक दोषी डॉक्टर पर कार्रवाई नहीं होती, पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार को जमकर घेरा गया और महिला एवं दलित सुरक्षा को लेकर सरकार की नाकामी उजागर की गई। धरना करीब चार घंटे तक चला, जिसमें सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।