महापौर नमिता विकास बुबकिया ने बच्चों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन, मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य जांच कर वितरित की निःशुल्क दवाइयां

पाली : समाज कल्याण सप्ताह के समापन अवसर पर न्यू पब्लिक मॉडर्न शिक्षण समिति एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, मण्डिया रोड के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम एवं निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष योग्यजन बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रतिभा और सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
न्यू पब्लिक मॉडर्न शिक्षण समिति की ओर से विशेष योग्यजन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर नियमित रूप से हर माह मेडिकल कैंप आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में आयोजित शिविर में संस्था में अध्ययनरत विशेष योग्यजन बच्चों के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
संस्था अध्यक्ष भंवर लाल सैनी ने कार्यक्रम में संस्था की स्थापना, गतिविधियों तथा विशेष योग्यजन बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से बच्चों को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में पाली महापौर नमिता विकास बुबकिया ने शिरकत की। उन्होंने विशेष योग्यजन बच्चों द्वारा तैयार किए गए रंगीन दीपकों एवं हस्तनिर्मित प्रदर्शनी सामग्री का अवलोकन किया। बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना करते हुए महापौर ने उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि विशेष योग्यजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनके हितों के लिए सरकार एवं समाज की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
समारोह के दौरान विशेष योग्यजन बच्चों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में न्यू पब्लिक मॉडर्न सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों की खेल उपलब्धियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से 51वीं बास्केटबॉल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी मोहम्मद सेफान मोयल को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही 70वीं बास्केटबॉल प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर चयनित विद्यार्थियों मोहम्मद जीसान मोयल एवं मोहम्मद रईस का भी सम्मान किया गया। अतिथियों ने खेल प्रतिभाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक ज्योति प्रकाश अरोड़ा भी मौजूद रहे। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विशेष योग्यजन बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
उन्होंने संस्था की ओर से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि विशेष योग्यजन बच्चों के लिए उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता जरूरी है।
निःशुल्क मेडिकल कैंप में चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र चौधरी, डेंटल हाइजीनिस्ट गुलशन कुमार, नर्सिंग अधिकारी सिमरन, लैब टेक्नीशियन महिपाल सिंह, फार्मासिस्ट गणपत लाल, एएनएम पूनम, सरोज, सुमन और रेणुका, एमएनडीवाय तन्नु, सपोर्ट स्टाफ विक्रम, आइचुकी तथा आशा कार्यकर्ता नुरानी बेगम सहित पूरी मेडिकल टीम मौजूद रही।
मेडिकल टीम ने विशेष योग्यजन बच्चों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। कैंप के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर लोगों को आवश्यक सावधानियों और उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पार्षद पूरन कुमारी, शांति लाल चोपड़ा एवं निकेश भाटी की ओर से विशेष योग्यजन बच्चों को विद्यालय यूनिफॉर्म वितरित की गई। यूनिफॉर्म मिलने पर बच्चों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। संस्था की ओर से सहयोग के लिए पार्षदों का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूर्व पार्षद संतोख सिंह बाजवा, आनंद सोलंकी, सुनीता तँवर, दिनेश कुमार, अशोक कुमावत, विवेक तुषावरा, प्रियांशु, सुरेंद्र सिंह एवं नरेश कुमार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन मांगीलाल तँवर ने किया। अंत में संस्था सचिव डॉ. कुलदीप तँवर ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकीय टीम, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समाज कल्याण सप्ताह के समापन पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विशेष योग्यजन बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।



