google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

परिवार नियोजन सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर, पाली में स्वास्थ्य विभाग ने ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा की

पाली : जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रम की प्रगति और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को स्वास्थ्य भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने की। बैठक में जिला एवं खंड स्तर के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम प्रबंधक, नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, स्टोर कीपर, डीईओ तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम के विभिन्न घटकों की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने और पात्र दंपत्तियों तक परिवार नियोजन सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में ब्लॉकवार नसबंदी, अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों, आशा इंसेंटिव, FPLMIS में Indent एवं Issue to Client तथा डिलीवरी के अनुपात में PPIUCD की स्थिति की समीक्षा की गई।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में परिवार कल्याण कार्यक्रम की उपलब्धि अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष कार्ययोजना तैयार कर सेवाओं की प्रगति बढ़ाई जाए। इसके लिए पात्र दंपत्तियों की पहचान, प्रभावी काउंसलिंग और लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संस्थागत प्रसव के दौरान पात्र महिलाओं को PPIUCD के संबंध में प्रभावी परामर्श देने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया गया कि पात्र महिलाओं और दंपत्तियों को परिवार नियोजन के उपलब्ध विकल्पों की जानकारी सरल एवं स्पष्ट तरीके से दी जाए, ताकि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार उचित विकल्प चुन सकें।

समीक्षा बैठक में FPLMIS एवं DVDMS App की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने लंबित Indent, Issue to Client और Stock Out की स्थिति की समीक्षा की।

कमियों को तत्काल दूर करते हुए आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिन स्वास्थ्य संस्थानों में Issue Pending है, वहां लंबित कार्य को प्राथमिकता से पूरा कर सिस्टम पर आवश्यक प्रविष्टियां अपडेट करने को कहा गया।

इसके साथ ही आशा इंसेंटिव से संबंधित लंबित कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि संबंधित कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने कहा कि परिवार कल्याण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए पात्र दंपत्तियों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके साथ ही गुणवत्तापूर्ण काउंसलिंग, समय पर सेवाओं की उपलब्धता और लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सही और समयबद्ध एंट्री भी आवश्यक है। उन्होंने आगामी समीक्षा से पहले सभी लंबित कार्यों का निस्तारण करने तथा कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन आशा सहयोगिनियों को एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया।

आशा सहयोगिनी मंजू को अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन की सर्वाधिक डोज लगवाने के लिए पात्र लाभार्थियों को प्रेरित करने और परिवार नियोजन सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार आशा सहयोगिनी संगीता को विवाह के बाद प्रथम संतान में दो वर्ष का अंतर रखने के लिए पात्र दंपत्तियों को प्रेरित करने तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया।

वहीं आशा सहयोगिनी गुणवंती कंवर को प्रथम एवं द्वितीय संतान के बीच तीन वर्ष का अंतर रखने के लिए पात्र दंपत्तियों को प्रेरित करने और परिवार नियोजन सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति प्रदान की गई।

डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने तीनों आशा सहयोगिनियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका परिवार कल्याण कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने अन्य आशा सहयोगिनियों को भी पात्र दंपत्तियों तक पहुंच बनाने, परिवार नियोजन के विकल्पों की जानकारी देने और लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप करने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में अधिकारियों ने आगामी समीक्षा से पहले सभी लंबित कार्यों को पूरा करने तथा कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर सहमति जताई। परिवार कल्याण सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से निरंतर निगरानी और समीक्षा जारी रखने पर भी जोर दिया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button