सोहन सिंह राव बने शिवसेना के पाली जिला प्रमुख, जयपुर में मिला नियुक्ति पत्र, शहर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

पाली : शिवसेना शिंदे गुट की ओर से संगठनात्मक नियुक्ति करते हुए सोहन सिंह राव को पाली जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय प्रमुख एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देशानुसार तथा राजस्थान प्रदेश प्रमुख मनजीत पाल सिंह सांवराद की अनुशंसा पर राव को यह नियुक्ति दी गई। जयपुर में शिवसेना के वरिष्ठ पदाधिकारियों और शिवसैनिकों की मौजूदगी में उन्हें जिला प्रमुख पद का नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
नियुक्ति के बाद पाली पहुंचने पर शिवसेना कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शिवाजी सर्किल एवं नहर चौराहे पर सोहन सिंह राव का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की तथा एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवसैनिक और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

स्वागत समारोह के दौरान नवनियुक्त जिला प्रमुख सोहन सिंह राव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उनकी प्राथमिकता शिवसेना संगठन को मजबूत करना और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाना रहेगा।
राव ने कहा कि वे संगठन की विचारधारा और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन की आवाज उठाएंगे। साथ ही गौमाता, मातृशक्ति और साधु-संतों की रक्षा एवं सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व और राजस्थान प्रदेश प्रमुख मनजीत पाल सिंह सांवराद का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
स्वागत कार्यक्रम में राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष रतन सिंह परिहार, 72 फुट बालाजी के 1008 ओम जी महाराज, वरिष्ठ राजू सिंह परिहार, भैरू सिंह परिहार, दीपक जोशी, एडवोकेट विशाल सैनी, जुगल किशोर, भीमराज प्रजापत, नरेश राव, अमित सिंह राव, अर्जुन राव, विनोद कुमार डाबी, रणवीर सिंह गिरदड़ा, महेंद्र शर्मा, शंकर कुमावत और किशन वैष्णव सहित अनेक लोग मौजूद रहे। इसके अलावा राहुल ठाकरे सहित सैकड़ों शिवसैनिकों एवं समर्थकों ने नवनियुक्त जिला प्रमुख का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।



