google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्यस्वास्थ्य

पाली में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का आगाज, स्वास्थ्य विभाग ने किया पोस्टर विमोचन, कार्मिकों ने ली तंबाकू से दूर रहने की शपथ

पाली : युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जागरूकता गतिविधियों की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में गुरुवार को स्वास्थ्य भवन, पाली में अभियान के जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ ली।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य किशोरों एवं युवाओं को तंबाकू सेवन की शुरुआत से बचाना, तंबाकू उत्पादों से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी देना तथा समाज में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि युवावस्था में तंबाकू की लत लगने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में समय रहते युवाओं को जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है।

स्वास्थ्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदान्त गर्ग, आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के डीपीसी डॉ. अंकित माथुर सहित अन्य अधिकारियों एवं कार्मिकों ने जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। पोस्टर के माध्यम से युवाओं को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया गया।

सीएमएचओ डॉ. मारवाल ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का प्रमुख जोखिम कारक है। इसके सेवन से व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होने के साथ ही परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए तंबाकू नियंत्रण के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।

पोस्टर विमोचन के बाद आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी कार्मिकों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेंगे।

कार्मिकों ने तंबाकू नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और आमजन तक तंबाकू मुक्त जीवन का सकारात्मक संदेश पहुंचाने का भी संकल्प लिया।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदान्त गर्ग ने बताया कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत जिले के सभी ब्लॉक एवं चिकित्सा संस्थानों के माध्यम से विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायत स्तर पर पोस्टर, बैनर, जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कोटपा अधिनियम 2003 के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थानों को प्रोत्साहित करने तथा तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विभाग का प्रयास रहेगा कि जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को तंबाकू सेवन छोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने बताया कि डॉ. विकास मारवाल के नेतृत्व में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। तंबाकू मुक्त युवा अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे एवं तंबाकू की आदतों से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की सामाजिक कार्यकर्ता ममता जोशी, डीईओ रेवंत राम सहित स्वास्थ्य भवन के अधिकारी एवं विभिन्न शाखाओं के कार्मिक उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button