‘आओ गांव चले’ अभियान से बढ़े जनसहयोग के कदम, सोजत रोड अस्पताल को मिली पांच स्टील बेंच

पाली : जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की पहल ‘आओ गांव चले’ अभियान का सकारात्मक असर अब धरातल पर नजर आने लगा है। अभियान से प्रेरित होकर भामाशाह और समाजसेवी जनहित के कार्यों में सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सोजत रोड स्थित राजकीय चिकित्सालय में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए पांच स्टील बेंच भेंट की गईं। इस सहयोग से अस्पताल आने वाले लोगों को बैठने के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की ओर से शुरू किए गए ‘आओ गांव चले’ अभियान का मुख्य उद्देश्य गांवों और आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना तथा जनसहयोग एवं जनभागीदारी के माध्यम से आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाना है। अभियान के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को जनहित के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भामाशाहों द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की सुविधाओं के लिए आगे आकर सहयोग करना सराहनीय पहल है। सोजत रोड राजकीय चिकित्सालय में पांच स्टील बेंच उपलब्ध होने से उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को प्रतीक्षा के दौरान बैठने की सुविधा मिलेगी।
चिकित्सालय को पांच स्टील बेंच भामाशाह लालचंद सोनी (ओम ज्वेलर्स) एवं पारस माली (रितिका कलेक्शन) की ओर से भेंट की गईं। दोनों भामाशाहों ने जय नारायण गहलोत एवं कमल सोनी की प्रेरणा से यह सहयोग किया। अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. विनोद कुमार कुमावत ने भामाशाहों को साफा एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सुविधा के लिए किया गया सहयोग समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना को दर्शाता है।
इस अवसर पर रमेश माली, शिवानी दीदी, जिज्ञांसु कोठारी, डॉ. मोजुद्दीन, कुलदीप अग्रावत एवं निर्मला देवी सहित चिकित्सालय का स्टाफ मौजूद रहा।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने कहा कि ‘आओ गांव चले’ अभियान के माध्यम से जनहित के कार्यों में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। भामाशाहों का यह सहयोग अन्य समाजसेवियों और नागरिकों के लिए भी प्रेरणा देने वाला है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए जनसहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। समाज के सक्षम लोग छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग करें तो आमजन को सीधा लाभ मिल सकता है। सोजत रोड चिकित्सालय में बेंच भेंट करने की यह पहल इसी भावना का उदाहरण है।



