पाली के मतदाताओं को घर बैठे मिलेगा वोटर आईडी कार्ड, निर्वाचन विभाग ने शुरू की वितरण की तैयारी

पाली : विधानसभा क्षेत्र 118-पाली के मतदाताओं के लिए अच्छी खबर है। अब निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता परिचय पत्र (वोटर आईडी कार्ड) घर-घर पहुंचाए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को उनके परिचय पत्र उपलब्ध करवाने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत निर्वाचन शाखा में प्राप्त मतदाता परिचय पत्रों की छंटाई, ट्रैकिंग और मतदान केंद्रों के अनुसार अलग-अलग सेट तैयार करने का काम किया जा रहा है।
निर्वाचन विभाग की ओर से पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी मतदाता का परिचय पत्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित पते तक पहुंचाया जा सके। इसके लिए निर्वाचन शाखा के कार्मिक दिनभर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 118-पाली कार्यालय को मतदाता परिचय पत्र प्राप्त हो चुके हैं। कार्यालय स्तर पर सभी कार्डों की ट्रैकिंग की जा रही है। इसके बाद मतदान केंद्र और भाग संख्या के अनुसार परिचय पत्रों की अलग-अलग छंटाई कर सेट तैयार किए जा रहे हैं।

कार्यालय में भागवार सेट तैयार होने के बाद मतदाता परिचय पत्र संबंधित सुपरवाइजरों को सौंपे जाएंगे। सुपरवाइजरों के माध्यम से ये कार्ड बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तक पहुंचाए जाएंगे। इसके बाद बीएलओ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाताओं के घर-घर जाकर उनके परिचय पत्र वितरित करेंगे।
मतदाता परिचय पत्रों की ट्रैकिंग, छंटाई और भागवार सेट तैयार करने के महत्वपूर्ण कार्य में निर्वाचन शाखा के कार्मिक पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। इस कार्य में सुरेश कुमार व्यास, चुनाव शाखा प्रभारी ललित कुमार दवे, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, रमेश अणकिया, अनिल नामा, राजेश कुमार सैन, मनोज रांगी, लोकेश कुमार दवे, पारसराम प्रजापत, राजेश्वर पुन्नड़, ताराचंद सेजू, ओम प्रजापत, नेमीचंद महावर, आशीष चौधरी, जयगिरी एवं अभिषेक सिंह राजपुरोहित सहित अन्य निर्वाचन कार्मिक सहयोग कर रहे हैं।
निर्वाचन विभाग की इस व्यवस्था से मतदाताओं को अपने मतदाता परिचय पत्र प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें घर पर ही कार्ड उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।



