पाली में 19 नवंबर तक चलेगा युवा विरासत महोत्सव, निबंध प्रतियोगिताओं से लेकर स्कूल-कॉलेजों में होंगे विशेष कार्यक्रम

पाली : देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में युवा कांग्रेस पाली की ओर से युवा विरासत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के जरिए जिले के युवाओं और विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने की पहल की गई है। आयोजन के दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से नई पीढ़ी को रूबरू कराया जाएगा।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश संवशा ने बताया कि महोत्सव को लेकर जिलेभर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पोस्टर विमोचन किया गया। 19 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के इतिहास और महापुरुषों के योगदान के बारे में अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
महोत्सव के तहत विद्यार्थियों एवं युवाओं को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जीवनी, उनके विचारों, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और आजादी के बाद देश के विकास में उनके योगदान की जानकारी दी जाएगी। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं को भारत की ऐतिहासिक विरासत और लोकतांत्रिक परंपराओं से परिचित कराना है।

महोत्सव के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों के स्कूलों एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को उनके जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं, उपलब्धियों और विचारों की जानकारी दी जाएगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को देश के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
युवा विरासत महोत्सव को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेस के विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों की तैयारियों, आयोजन और प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं।
इसमें पाली विधानसभा अध्यक्ष रिंकी सिंह, सोजत अध्यक्ष गोविंद सिंह, बाली अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, सुमेरपुर अध्यक्ष हरि प्रसाद मीणा, मारवाड़ जंक्शन ब्लॉक अध्यक्ष संजय वैष्णव सहित प्रकाश चौधरी, प्रकाश भाटी, हरीश भाटी, अरबाज खां एवं विजय मेघवाल सहित समस्त ब्लॉक अध्यक्ष और युवा नेता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को देश की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना, युवाओं में जागरूकता एवं रचनात्मकता बढ़ाना तथा सामाजिक और लोकतांत्रिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।



