google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली जेल में बंदियों की सेहत पर विशेष पहल, ‘स्पंदन’ अभियान के तहत विशेषज्ञों ने की जांच और काउंसलिंग

पाली : जेल में निरुद्ध बंदियों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उन्हें उपचार से वंचित रहने से बचाने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की पहल ‘स्पंदन : ए प्रिजन हेल्थकेयर अभियान’ के तहत शनिवार, 21 नवंबर को जिला कारागृह पाली में स्वास्थ्य जांच एवं काउंसलिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सा विभाग की विशेषज्ञ टीम ने बंदियों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जेलों में निरुद्ध बंदियों को आवश्यक चिकित्सा उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। चिकित्सकीय परामर्श की कमी के कारण कोई भी बंदी उपचार से वंचित नहीं रहे, इसके लिए अभियान के तहत नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

भाटी के अनुसार ‘स्पंदन’ अभियान तीन महीने तक संचालित किया जाएगा। इसके लिए चिकित्सा विभाग की विशेषज्ञ टीम गठित की गई है। टीम आवश्यक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित एम्बुलेंस और मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से जिला कारागृह का महीने में कम से कम दो बार दौरा करेगी। इन दौरों के दौरान बंदियों की स्वास्थ्य जांच और आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।

यदि किसी बंदी को जेल में उपलब्ध सुविधाओं से आगे की चिकित्सा आवश्यकता होती है, तो पुलिस विभाग के समन्वय से उसे बाहरी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

अभियान के तहत 21 नवंबर को जिला कारागृह में आयोजित स्वास्थ्य जांच एवं काउंसलिंग के दौरान चर्म रोग, दंत रोग, मानसिक रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों सहित अन्य चिकित्सकीय विशेषज्ञ तथा पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे। टीम ने बंदियों की गहनता से स्वास्थ्य जांच की और आवश्यकतानुसार परामर्श दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भाटी ने बताया कि अभियान के माध्यम से बंदियों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और उपचार की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। अभियान के तहत जेल में स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरत पड़ने पर आगे के उपचार की व्यवस्था को सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button