पाली में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण, बच्चों के शोषण और साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

पाली : बच्चों की सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों और शोषण से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली की ओर से गुरुवार को ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बैठक हॉल में आयोजित इस एक दिवसीय प्रशिक्षण में जिले के चयनित विद्यालयों से नामित शिक्षकों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर बच्चों की सुरक्षा और कानूनी जागरूकता का स्थायी तंत्र विकसित करना रहा। अभियान की मुख्य थीम ‘जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण-हर बच्चे का अधिकार’ तथा संदेश ‘हर बच्चे का बचपन, हम सबकी जिम्मेदारी’ रखा गया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों के कानूनी अधिकारों, यौन अपराधों से संरक्षण, साइबर सुरक्षा, किशोर न्याय व्यवस्था और निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार, पॉक्सो संख्या-1 के विशेष न्यायाधीश निहालचंद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी, किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार तथा शिक्षा विभाग के एडीईओ प्रवीण कुमार जांगीड़ ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार ने कहा कि सुरक्षित बचपन अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर ही बच्चों की सुरक्षा और कानूनी जागरूकता का स्थायी तंत्र विकसित करना है। इसमें अध्यापकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रशिक्षण मॉड्यूल का परिचय देते हुए शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने और अभियान के उद्देश्यों को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित किया।

विशेष न्यायाधीश पॉक्सो संख्या-1 निहालचंद ने शिक्षकों को पॉक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने 18 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बालक-बालिका के कानूनी अधिकारों, लैंगिक अपराधों से संरक्षण और अधिनियम के तहत कठोर सजा के प्रावधानों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों में पीड़ित की पहचान गोपनीय रखना अनिवार्य कानूनी बाध्यता है। शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा से संबंधित मामलों में कानून के प्रावधानों का पालन करने और पीड़ित बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की आवश्यकता बताई गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने अभियान के उद्देश्यों और विद्यालय स्तर पर बाल अधिकारों के संरक्षण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता, पैनल अधिवक्ता की भूमिका, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों तथा पैरालीगल वालंटियर्स (पीएलवी) की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने बच्चों के लिए नालसा की बाल-मित्र विधिक सेवाएं योजना, 2024 और बच्चों के लिए विधिक सेवा इकाई की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को न्याय और कानूनी सहायता उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है।
भाटी ने शिक्षकों से आह्वान किया कि किसी बच्चे के शोषण या दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस, बाल कल्याण समिति या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सूचित करें। उन्होंने विद्यालयों में चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर क्राइम और नालसा हेल्पलाइन के नंबर प्रदर्शित करने तथा लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में महीने में कम से कम एक जागरूकता सत्र आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के उपायों की जानकारी मिल सके।

किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार ने किशोर न्याय अधिनियम, 2015 के प्रावधानों और कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने विद्यालय स्तर पर किशोरों में बढ़ती अपराध प्रवृत्ति की रोकथाम और संवेदनशील मामलों में किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के बीच समन्वय की प्रक्रिया समझाई।
उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के व्यवहार में दिखाई देने वाले चेतावनी संकेतों को पहचानने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा अचानक गुमसुम रहने लगे, स्कूल आने से बचने लगे या उसके व्यवहार में असामान्य बदलाव दिखाई दे तो शिक्षक को संवेदनशीलता के साथ उस पर ध्यान देना चाहिए। समय पर पहचान और उचित सहायता से बच्चों को गंभीर परिस्थितियों से बचाया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति पाली के अर्जुन सिंह ने बाल संरक्षण तंत्र, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, बच्चों को सहायता उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया, रेफरल और पुनर्वास के बारे में जानकारी दी।
वहीं, पुलिस विभाग की साइबर इकाई के यशपाल सिंह ने ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने साइबर ग्रूमिंग, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, फोटो के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने शिक्षकों को बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई। साथ ही ऑनलाइन माध्यमों से होने वाले शोषण और अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विक्रम सिंह भाटी ने भारतीय संविधान के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया तथा संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी स्मरण करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार, विशेष न्यायाधीश निहालचंद, सचिव विक्रम सिंह भाटी, प्रधान मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार जांगीड़, बाल कल्याण समिति के अर्जुन सिंह, साइबर इकाई पुलिस विभाग के यशपाल सिंह, हेड पीएलवी मांगीलाल तंवर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालयों में बाल सुरक्षा, कानूनी जागरूकता और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने का संदेश दिया गया।



