
पाली : नगर निगम पाली और WeVOIS Labs प्राइवेट लिमिटेड की IEc टीम के सहयोग से स्थानीय सरकारी विद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन “हर घर तिरंगा”, स्वच्छता अभियान और कचरा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद नगर निगम और WeVOIS टीम ने विद्यार्थियों को तिरंगे के महत्व और राष्ट्रीय पर्वों पर उसके सम्मान की आवश्यकता पर विचार साझा किए। बच्चों को बताया गया कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, आजादी और एकता का प्रतीक है, जिसे प्रत्येक नागरिक को गर्व से फहराना चाहिए। इसके अंतर्गत “हर घर स्वच्छता ड्राइव” पर भी बच्चों को जानकारी दी गई, जिसमें स्वच्छता की आदतें, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, तथा व्यक्तिगत जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में कचरा प्रबंधन पर भी विशेष सत्र रखा गया, जिसमें सूखे और गीले कचरे की पहचान, सोर्स सेग्रीगेशन, रीसाइक्लिंग और कम्पोस्टिंग की उपयोगिता पर बच्चों को विस्तार से समझाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीतेश्वरी, नगर निगम व WeVOIS की टीम, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को महसूस किया।
शिक्षा विभाग ने जिलेभर में करवाए विविध आयोजन
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित ने बताया कि “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जिलेभर के विद्यालयों में प्रदर्शनी, रंगोली, एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। समस्त जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में तिरंगा प्रदर्शनी सजाई, जिससे देशभक्ति का वातावरण और अधिक सशक्त हुआ।