नि:शुल्क विधिक सहायता व बंदियों की सुविधाओं की जांच — प्राधिकरण सचिव का जिला कारागृह में आकस्मिक निरीक्षण

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) पाली के सचिव विक्रम सिंह भाटी ने सोमवार को जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कारागृह में 92 बंदी निरूद्ध पाए गए। सचिव भाटी ने बंदियों से भोजन, चिकित्सीय सुविधा, पेयजल, सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बंदी विधिक सहायता के अभाव में बिना अधिवक्ता के कारागृह में न रहे। इसके लिए निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई और ऐसे मामलों की जानकारी जुटाई, जिनमें जमानत होने के बावजूद बंदी कारागृह में निरूद्ध हैं।

भाटी ने यह भी सुनिश्चित किया कि 18 वर्ष से कम उम्र का कोई व्यक्ति जेल में निरूद्ध न हो। उन्होंने बंदियों को उनके प्रकरणों की स्थिति से अवगत कराया और स्वास्थ्य जांच व्यवस्था की जानकारी ली। बताया गया कि ओपीडी समय पर स्वास्थ्य जांच की जाती है और आपात स्थिति में बंदियों को राजकीय बांगड़ अस्पताल, पाली भेजा जाता है। निरीक्षण के दौरान कारापाल जोराराम, जेल विजिटिंग लॉयर सुश्री वैशाली व्यास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



