पाली : 21 अगस्त से जिला स्तरीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर, राज्यपाल अवार्ड के लिए होंगे तैयार

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में जिला स्तरीय राज्य पुरस्कार स्काउट एवं निपुण रोवर प्रशिक्षण शिविर 21 से 25 अगस्त तक कांबेश्वर महादेव मंदिर, कानाकोलर (सुमेरपुर) में आयोजित होगा।
सीओ स्काउट गोविन्द मीना ने बताया कि इस शिविर में वे स्काउट भाग लेंगे जिन्होंने पिछले सत्र में तृतीय सोपान परीक्षा उत्तीर्ण की है और अब राज्य पुरस्कार की पात्रता रखते हैं। शिविर में जिलेभर से करीब 400 स्काउट व निपुण रोवर के भाग लेने की संभावना है।
मुख्य संचालक के रूप में जिला मुख्यालय से लीडर ट्रेनर स्काउट पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी को नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार, गांठ बांधना, टेंट लगाना, आपदा प्रबंधन, हाइक, ट्रेकिंग, ध्वज शिष्टाचार, रात्रि पहरेदारी और राज्य पुरस्कार से संबंधित विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस दौरान जिले के निजी व राजकीय महाविद्यालयों और उच्च माध्यमिक विद्यालयों से वरिष्ठ स्काउट व रोवर भी निपुण प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे, जिससे वे राज्यपाल अवार्ड और राष्ट्रपति अवार्ड की दिशा में अग्रसर हो सकेंगे। पाली जिले का रिकॉर्ड रहा है कि बीते वर्ष राज्यपाल अवार्ड प्राप्त करने वाले 470 स्काउट गाइड में सर्वाधिक संख्या यहीं से रही, जो एक कीर्तिमान है।



