पाली : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ, 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक दवा

पाली : बच्चों और किशोरों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए शुक्रवार को जिलेभर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल की गोली पिलाई गई। जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह का आयोजन टैगोर नगर स्थित राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इस दौरान एडिशनल सीएमएचओ डॉ. विजेंद्र पाल सिंह चुंडावत ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का आगाज किया।
कृमि संक्रमण से बच्चों के विकास पर असर
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास, हीमोग्लोबिन स्तर तथा पोषण पर गंभीर असर डालता है। यह संक्रमण बच्चों के शरीर के पोषक तत्वों को खत्म कर खून की कमी और कुपोषण जैसी समस्याएं पैदा करता है। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों को 22 अगस्त को दवा नहीं मिल सकी, उन्हें 29 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी।

विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी कार्यक्रम
जिले के सभी राजकीय और निजी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और किशोरों को दवा दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने यह सुनिश्चित किया कि अधिक से अधिक बच्चों तक अभियान का लाभ पहुँचे।
कार्यक्रम में डॉ. राकेश हाटेला, डीपीसी (आईईसी) नंदलाल शर्मा, पब्लिक हेल्थ मैनेजर अशोक भार्गव, एएनएम गीता टी, श्यामा, शबाना बानो, हर्षिता वैष्णव, अमरीन, नाजमीन, आशा सहयोगिनी गुणवती कंवर सहित अनेक कार्मिक उपस्थित रहे।



