पाली में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, ढाई लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा की दो बूंद

पाली : जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हुआ। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित इस अभियान के तहत जिलेभर में 0 से 5 वर्ष तक के करीब ढाई लाख बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन जिले के 1,163 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। आगामी दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बूथ पर दवा पीने से वंचित रह गए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
जिला मुख्यालय पर हाउसिंग बोर्ड स्थित राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत एवं एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने नौनिहालों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान जिले में 22 से 24 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रथम दिन रविवार को जिलेभर में स्थापित 1,163 पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करते हुए बच्चों को पोलियोरोधी दवा की खुराक दी।
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियोरोधी दवा पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहे।
बूथ दिवस के बाद सोमवार और मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश रविवार को बूथ पर नहीं पहुंच पाए। इसके लिए जिले में 146 मोबाइल टीमों एवं 56 ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है।

अभियान की व्यवस्थाओं की निगरानी एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए 181 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। ये सुपरवाइजर अभियान के दौरान टीकाकरण कार्य की निगरानी करेंगे और निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य सुनिश्चित कराएंगे।
स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियोरोधी दवा से वंचित न रहे। इसके लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने जिले के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बूथ दिवस पर किसी कारणवश दवा पीने से रह गए बच्चों को आगामी दो दिनों में घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों के माध्यम से दवा पिलाई जाएगी।

उन्होंने अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग करने और अपने बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सा कार्मिकों ने अभियान की महत्ता बताते हुए आमजन को जागरूक किया। इस अवसर पर हाउसिंग बोर्ड यूपीएचसी के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. विकास अरोड़ा, एनएचएम के डीपीओ भवानी सिंह, डीपीसी आशा कुलदीप गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा कार्मिक उपस्थित रहे।



