
पाली : राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को अपने निज निवास पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने शिक्षा, सड़क, पेयजल, खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दे मंत्री के सामने रखे।
जनसंवाद में ग्रामीणों ने बताया कि नई सड़कों के निर्माण और मरम्मत से आवागमन में काफी सुधार हुआ है। वहीं, खेल और शिक्षा की सुविधाओं को और मजबूत करने की मांग भी की गई।

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रदेश में पशु चिकित्सा सेवाओं का विस्तार, आधुनिक खेल मैदान और स्टेडियम निर्माण तथा सड़कों के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि सरकार की प्राथमिकता जन-जन तक विकास पहुँचाना है ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र समान रूप से लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान उठी समस्याओं के निस्तारण के लिए मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



