पाली : सचिव विक्रम सिंह भाटी ने मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह रामासिया का किया निरीक्षण

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी ने सोमवार को रिद्धि सिद्धि सेवा संस्थान द्वारा संचालित मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह रामासिया का निरीक्षण किया।
इस दौरान सचिव भाटी ने पुनर्वास गृह में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजन-पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली। रसोई, स्नानघर, शौचालय और आवासीय कमरे की साफ-सफाई व मौसमानुकूल प्रबंधनों की सराहना की गई।

पुनर्वास गृह अध्यक्ष भैराराम ने बताया कि यहाँ मानसिक विमंदित बालकों को निःशुल्क आवास, संतुलित पौष्टिक आहार, चिकित्सकीय जांच, शिक्षण व योगा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। बालकों की मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए उनके अनुरूप गतिविधियां भी समय-समय पर आयोजित की जाती हैं।
सचिव भाटी ने पुनर्वास गृह के सभी प्रबंधकों को निर्देश दिए कि बच्चे स्वस्थ्य वातावरण में रहें, चिकित्सकीय जांच नियमित हो और उनके हित में नई पहल करते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों की रुचि व क्षमता के अनुरूप गतिविधियों को सुनिश्चित किया जाए ताकि उनका सशक्तिकरण हो सके। इस अवसर पर पुनर्वास गृह अध्यक्ष भैराराम, प्रबंधक निकी सागर, जीवनराम, दरिया देवी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




