राजस्थान पेंशनर समाज जिला स्तरीय सम्मेलन 5 अक्टूबर को सुमेरपुर में, देशभर के वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी रहेगी

पाली : राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा पाली आगामी 5 अक्टूबर 2025 को सुमेरपुर में भव्य जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। यह सम्मेलन प्रदेश स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं सम्मान के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। राजस्थान पेंशनर समाज के जिला अध्यक्ष सोहनलाल जोशी की अध्यक्षता में आयोजित जिला कार्यकारिणी एवं उपशाखाओं की संयुक्त बैठक में इसके आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
जिला अध्यक्ष सोहनलाल जोशी ने बताया कि आगामी सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शंकरसिंह मनोहर सहित प्रांतीय कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी के सदस्य एवं उपशाखाओं के पेंशनर्स के अलावा सिरोही व जालौर जिले के पेंशनर्स भी भाग लेंगे। इस सम्मेलन में सम्मानित पेंशनर्स के चयन के साथ-साथ सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। विशेष रूप से 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा।

सम्मेलन के आयोजन में स्वागत समिति, आयोजन समिति, प्रचार समिति, रजिस्ट्रेशन, पार्किंग व पेयजल व्यवस्था सहित प्रत्येक पहलू पर ध्यान दिया गया। समिति ने कार्यक्रम स्थल के चयन के साथ-साथ आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर मुख्य चर्चा का विषय राज्य स्तर पर पेंशनर्स की समस्याएं, लाभकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का विस्तार, एवं पेंशनर्स के सामाजिक सुरक्षा अधिकारों की रक्षा था। विशेष रूप से राजस्थान सरकार के समक्ष आरजीएचएस में पेंशनर्स की आने वाली समस्याओं को प्रस्तुत करने की योजना पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा राजस्थान पेंशनर समाज प्रदेश कार्यालय परिसर में स्वर्गीय डी. एस. नकारा की आदमकद मूर्ति स्थापना एवं कॉरिडोर निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिसमें जिला कार्यकारिणी एवं उपशाखाओं से आर्थिक सहयोग की अपील की गई।

इस भव्य आयोजन में जिला अध्यक्ष सोहनलाल जोशी, उपाध्यक्ष केसरसिंह राजपुरोहित, सचिव शिवराम प्रजापत, कोषाध्यक्ष इंद्रप्रकाश जांगिड़, संयुक्त सचिव कमल प्रकाश शर्मा, परामर्शदाता कालूप्रकाश शर्मा सहित समस्त जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं उपशाखा अध्यक्ष बाबूलाल सुथार सुमेरपुर के नेतृत्व में पेंशनर्स ने पूरी तैयारी की।
समिति ने आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु प्रेरित करते हुए बताया कि यह आयोजन न केवल पेंशनर्स को सम्मानित करेगा, बल्कि उनके सामाजिक एवं आर्थिक हितों की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। आने वाले सम्मेलन से जुड़ी तैयारियों में बस सेवा, अतिथि सत्कार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्याख्यान व बहस प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण, सामाजिक संवाद एवं सम्मान समारोह जैसे आकर्षक कार्यक्रम शामिल होंगे। यह आयोजन वरिष्ठ नागरिकों के आत्मसम्मान, एकता व कल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



