पाली : राजस्थान स्काउट-गाइड स्थानीय संघ का वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के स्थानीय संघ गुंदोज एवं पाली का वार्षिक अधिवेशन आज जिला मुख्यालय बजरंग बाड़ी पाली में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। अधिवेशन का शुभारंभ मुख्य अतिथि सी ओ स्काउट गोविन्द मीणा और सी ओ गाइड डिम्पल दवे द्वारा सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर स्काउट बसंत कुमार परिहार, पीराराम राणावत और सरोज अग्रवाल ने की। सहायक जिला कमिश्नर मनोज बोराणा, हितेश रामावत और सभी संस्था प्रधानों को स्कार्फ, साफा और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सी ओ स्काउट गोविन्द मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियों से बालक-बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और स्वावलंबन की भावना विकसित होती है। उन्होंने राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला और आगामी 23 से 29 नवंबर 2025 तक लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय स्काउट-गाइड जंबूरी में सहभागिता के लिए बालक-बालिकाओं को प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त, जुलाई- अगस्त 2027 में पोलैंड में आयोजित होने वाली 26वीं विश्व स्काउट जंबूरी के संबंध में भी जानकारी साझा की।

अधिवेशन में सचिव प्रदीप शर्मा और कैलाश कुमार ने गुंदोज एवं पाली स्थानीय संघ का गत वर्ष का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने पिछले सत्र की उपलब्धियां, कोटा मनी, आय-व्यय का विवरण और इस सत्र के लक्ष्यों की रूपरेखा साझा की। साथ ही स्थानीय संघ कमेटी का गठन किया गया, जिसमें मदन लाल को गुंदोज और मनोज लखेरा को पाली संघ का अध्यक्ष चुना गया। कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति सभी मानद सदस्यों की सर्वसम्मति से अनुमोदित हुई।
राष्ट्रपति अवार्ड और राज्य पुरस्कार विजेताओं का सम्मान
राष्ट्रपति रोवर अवार्ड प्राप्त करने पर रोवर विशाल और राष्ट्रपति अवार्ड स्काउट प्रमाण पत्र प्राप्त करने पर प्रमोद पटेल को स्कार्फ, साफा और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। राज्य पुरस्कार विजेताओं में रेंजर काव्या दवे, रेखा, रोवर विक्रम, कैलाश और भीमाराम को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
साथ ही अधिवेशन में लीडर ट्रेनर स्काउट पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी ने ग्रुप लीडर संगोष्ठी के माध्यम से स्काउट-गाइड समूहों के संचालन और गतिविधियों के प्रबंधन पर मार्गदर्शन दिया। सी ओ गाइड डिंपल दवे ने संघ की गतिविधियों एवं स्काउट-गाइड की योग्यता वृद्धि की चरणबद्ध प्रक्रिया पर अपने विचार साझा किए।

अधिवेशन में आलोक शर्मा को लीडर ट्रेनर की योग्यता प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जगदीश चंद्र, पोलाराम, गोपाल सिंह, बस्ती राम, मुकेश गगड़, नीतू जालवाल, माणक शर्मा, वजाराम सोलंकी, वजाराम राणा, जयपाल, दीपक जावा और भगवान सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अधिवेशन ने न केवल बालक-बालिकाओं में स्काउट-गाइड गतिविधियों के प्रति उत्साह बढ़ाया, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवा और नेतृत्व के लिए प्रेरित करने का कार्य भी किया।




