पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति की मासिक बैठक संपन्न, नेत्रदान को लेकर लिया गया संकल्प

पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति की मासिक बैठक का आयोजन करण सिंह चाली स्थित सभागार में अध्यक्ष डॉ. रामलाल मोहबारशा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक की शुरुआत में महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने गत माह की कार्रवाई पढ़कर सुनाई, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
इस दौरान सितंबर माह में जन्मे वरिष्ठ जनों का माला पहनाकर सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत, नेत्र ज्योति समिति अध्यक्ष हुकमीचंद मेहता, सदस्य जगदीश प्रसाद दुबे, पाली अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की निदेशक मीरा गुप्ता और गोविंद राम किरीट शामिल रहे।

कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित डॉ. आर.के. गर्ग और डॉ. प्रतिभा गर्ग ने आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान के स्टीकर का विमोचन किया और सभी वरिष्ठ नागरिकों को ‘नेत्र ज्योति मित्र’ बनाया। डॉ. गर्ग ने नेत्रदान के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि मृत्यु के 4–6 घंटे के भीतर रेटीना ट्रांसप्लांट संभव है और इसमें धर्म या जाति का कोई भेदभाव नहीं होता।
आई बैंक सोसायटी (पाली चैप्टर) के अध्यक्ष हुकमीचंद मेहता ने भी वरिष्ठ नागरिकों से नेत्रदान अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष की अगुवाई में सभी वरिष्ठ नागरिकों ने पाली जिले में नेत्रदान को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मीरा गुप्ता, सचिव दिनेश दवे सहित वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवरत्न मल गुप्ता, बद्रीलाल चेचानी, कृष्णचंद्र जोशी, गोपाल दास मुंदड़ा, ओटाराम सोलंकी, शिवप्रसाद परिहार सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। अंत में महामंत्री द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ बैठक का समापन किया गया।



