पाली जिले में ग्रामीण सेवा शिविर अभियान को मिली रफ्तार, मंत्री जोराराम कुमावत व संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने किया शिविरों का निरीक्षण, आमजन को मिला त्वरित लाभ

पाली : राज्य सरकार के निर्देशानुसार चल रहे ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के तहत शुक्रवार को पाली जिले की भांवरी व मणिहारी ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में प्रशासनिक गतिविधियाँ जोर-शोर से चलीं। कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत एवं संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने दोनों शिविरों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनहित के मामलों में संवेदनशीलता बरतने व शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

भांवरी ग्राम पंचायत में संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में कुल 17 प्रकरणों की सुनवाई की। इनमें से एक बटवारा प्रकरण में छह हिस्सेदारों का निस्तारण किया गया, साथ ही एक नामशुद्धिकरण प्रकरण का मौके पर समाधान किया गया। शिविर में ग्रामीणों को 10 आवासीय पट्टे वितरित किए गए।
वहीं, मणिहारी कैम्प के निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने बटवारा के 6, म्यूटेशन के 12, पट्टा वितरण के 6 प्रकरणों का निस्तारण किया तथा मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 38 ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम विलेन्द्र राणावत, सहायक विकास अधिकारी मनोज भाटी, प्रशासक सुनिता त्रिवेदी सहित 17 विभागों के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
इन शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुँचाने के साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।



