पाली : 9 अक्टूबर को निशुल्क नेत्र जांच शिविर, पेंशनर्स व आश्रितों को मिलेगा आरजीएसएस योजना का लाभ

पाली : राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा पाली और एएसजी नेत्र चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में पाली जिला मुख्यालय पर गुरुवार, 09 अक्टूबर 2025 को एक विशाल निशुल्क नेत्र जांच व परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर भवन में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। शिविर का आयोजन जिलाध्यक्ष सोहनलाल जोशी के सानिध्य में किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष जोशी ने बताया कि इस शिविर में क्यू-लेसिक, रेटिना, ग्लूकोमा (कालापानी), भैंगापन, ऑकयूलोप्लास्टी, कॉर्निया से जुड़ी बीमारियों के साथ-साथ मल्टीफोकल व टोरिक लेंस द्वारा मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं दूर–नजदीक का चश्मा हटाने जैसी आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उपस्थित राज्य कर्मचारियों, पेंशनर्स व उनके आश्रितों को आरजीएसएस योजना के तहत निःशुल्क परामर्श और सुविधाएं भी मिलेंगी।
सचिव शिवराम प्रजापत ने सभी पेंशनर्स व उनके परिवारजनों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं। कोषाध्यक्ष इंद्रप्रकाश जांगीड़ ने बताया कि शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
वहीं, संयुक्त सचिव कमल प्रकाश शर्मा ने बताया कि शिविर को लेकर पुराना हाउसिंग बोर्ड स्थित वृंदावन पार्क में पेंशनर पुस्तकालय भवन में बैनर व पेम्पलेट का विमोचन किया गया। विमोचन कार्यक्रम में संरक्षक हस्तीमल अरोड़ा के नेतृत्व में ओमप्रकाश माथुर, किशोरसिंह सैनी, गोविंद माथुर, दिलीपसिंह सोलंकी आउवा, श्यामलाल माहेश्वरी, सत्यनारायण कोगटा, नरपतसिंह बोलागुड़ा, राजकुमार माथुर, पदमचंद पालीवाल सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक व पेंशनर्स उपस्थित रहे। इस शिविर के माध्यम से जिले के सैकड़ों पेंशनर्स व उनके परिवारजन निःशुल्क नेत्र जांच व आधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।



