पाली में जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में पंच गौरव कार्यक्रम पर बैठक, विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

पाली : जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में बुधवार सांय जिला कलक्टर कार्यालय में पंच गौरव कार्यक्रम से संबंधित जिला स्तरीय कार्ययोजना एवं स्वीकृत बजट राशि के प्रस्तावों पर चर्चा के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने पंच गौरव कार्यक्रम से जुड़े पांच विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग, पर्यटन विभाग और खेल विभाग के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंच गौरव से प्राप्त बजट के संबंध में राज्य स्तर से दिशा-निर्देश प्राप्त कर, वरिष्ठ लेखाधिकारी की स्वीकृति उपरांत नियमानुसार बजट का व्यय सुनिश्चित करें।
कलक्टर मंत्री ने पंच गौरव से जुड़े सभी विभागों के जिला अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विज्ञापन, विक्रय और प्रचार-प्रसार हेतु अनटाइड फंड की योजना आगामी 13 अक्टूबर तक प्रस्तुत की जाए, ताकि कार्यक्रम की रूपरेखा समय पर लागू की जा सके।

इस अवसर पर पंच गौरव समिति के सदस्य सचिव एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग वेदप्रकाश चौधरी ने स्वीकृत बजट राशि और प्रस्तावित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में एडीएम डॉ. बजरंगसिंह चौहान, उप वन संरक्षक पी. बाला मुरूगन, वरिष्ठ लेखाधिकारी सम्पतराज परिहार, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग दिलीप परिहार, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र रज्जाक अली, उप निदेशक मनोज अग्रवाल, सहायक निदेशक पर्यटन विभाग जोधपुर शरद व्यास एवं जिला खेल अधिकारी लहरीदास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर ने बैठक के अंत में कहा कि पंच गौरव कार्यक्रम जिले की संस्कृति, विरासत, पर्यटन और खेल विकास को नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध और समन्वित रूप से कार्य करें।



